नीता अंबानी ने महिलाओं को दिया फिटनेस मंत्र, कहा- दूसरों का ख्याल रखने के साथ अपने लिए भी निकालें वक्त
देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने एक वीडियो संदेश जारी कर महिलाओं से फिट रहने की अपील की है। उन्होंने महिलाओं से एक महत्वपूर्ण सवाल पूछा कि आखिरी बार आपने खुद के लिए क्या किया था? उन्होंने कहा कि हम महिलाएँ हमेशा दूसरों का ख्याल रखती हैं। कभी माँ बनकर, कभी पत्नी, कभी बहू तो कभी बेटी बनकर। हमारी ज़रूरतें हमेशा किसी और के लिए होती हैं। इसी भागदौड़ में हम खुद को भूल जाती हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने याद दिलाया कि जिंदगी की इस आपाधापी में धीरे-धीरे ही सही पर हमारा शरीर हमें संकेत देना शुरू करता है कि सबकुछ पहले जैसा नहीं रहा, लेकिन हम उसे सुनने की फ़ुर्सत ही नहीं निकाल पाते। अगर हम महिलाएं अपना ध्यान नहीं रखेंगी, तो कौन रखेगा? नीता अंबानी ने कहा कि 30 की उम्र के बाद महिलाओं की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं। उम्र बढ़ने के साथ यह प्रक्रिया और तेज़ हो जाती है। इसलिए 50 और 60 की उम्र के बाद अपनी सेहत का ध्यान रखना और भी ज़रूरी हो जाता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
व्यायाम को अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बताते हुए नीता अंबानी ने कहा कि मैं 61 साल की हूँ और हफ़्ते में 6 दिन व्यायाम करती हूँ। किसी दिन टाँगों की एक्सरसाइज़, किसी दिन पीठ की, कभी योग, कभी तैराकी, तो कभी 30 मिनट नृत्य। जब मैं बाहर यात्रा पर होती हूँ तो 5000-7000 कदम पैदल चलने की कोशिश करती हूँ। खाने पीने पर भी विशेष ध्यान देने की नसीहत उन्होंने दी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खुद से एक वादा कीजिए कि अपने लिए समय निकालेंगी। अपनी सेहत को प्राथमिकता देंगी और अपनी ताकत को पहचानेंगी। हफ़्ते में 4 दिन सिर्फ़ 30 मिनट का व्यायाम करेंगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बताते चलें ‘हर-सर्कल’ रिलायंस फ़ाउंडेशन की ओर से महिलाओं के लिए एक खास प्लेटफॉर्म है, जो महिला सशक्तीकरण के लिए काम करता है। उन्होने महिलाओं से आह्वान किया कि आज ही पहला क़दम उठाइए, आगे बढ़िए और हर सर्कल के ‘StrongHer’ अभियान का हिस्सा बनिए।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



