उत्तराखंड में औली सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात, सर्द हवाओं से कड़ाके की सर्दी, जानिए मौसम का हाल
उत्तराखंड में एक बार फिर से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। रविवार की दोपहर बाद से पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक रुक कर बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो कई स्थानों पर सोमवार को भी जारी है। चारधाम सहित ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का सिलसिला भी चल रहा है। चमोली जिले में पर्यटकस्थल औली में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। मसूरी में देर शाम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। कुमाऊं में भी नैनीताल और पिथौरागढ़ में रुक-रुक बारिश हो रही है। पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात का सिलसिला चल रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है। बारिश के कारण कड़ाके की ठंड भी पड़ रही है। इस बर्फबारी के चलते राज्य मौसम विभाग ने आज का यलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज भी करीब 2500 मीटर की ऊंचाई तक बर्फबारी की संभावना जताई है। साथ ही इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। कहा गया है कि कहीं कहीं बर्फ जमा होने के कारण सड़कों पर अवरोध होगा। बिजली और टेलीफोन की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो सकती है। कम तापमान के कारण सर्द हवाएं चलेंगी। साथ ही सर्दी बढ़ेगी। ऐसे में कमजोर व्यक्ति, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रसित लोगों को सर्दी से बचाने के लिए विशेष ध्यान देना होगा।
यहां देखने को मिलेगी बर्फबारी
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, पश्चिम विक्षोभ उत्तराखंड को प्रभावित कर रहा है। ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और 2500 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होगी। देहरादून में चकराता के आसपास की पहाड़ियों, टिहरी जिले में सुरकंडा और धनोल्टी में भी कुछ बर्फबारी देखने को मिल सकती है। हालांकि टिहरी और मसूरी के आसपास सिर्फ अभी तक ओले ही गिरे हैं। इसी तरह कुमाऊं क्षेत्र में नैनीताल के आसपास बर्फबारी देखने को मिलेगी। जिलों के भीतरी स्थानों पर मुनस्यारी, पिथौरागढ़, जोशीमठ, औली में भी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इस दौरान उत्तराखंड में न्यूनतम तामपमान में दो से तीन डिग्री तक कमी आएगी। राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
आगामी मौसम का हाल
सात दिसंबर से मौसम साफ हो जाएगा। सात, आठ और नौदिसंबर को हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में कोहरा परेशान कर सकता है। साथ ही सात दिसंबर से सर्दी और अधिक बढ़ जाएगी। इसे में सर्दी से बचाव की तरफ भी ध्यान देना जरूरी है। इससे अगले दो दिन भी मौसम में परिवर्तन के कोई आसार नहीं है।




