हरिद्वार भूमि घोटाला राज्य में सिस्टम के भ्रष्टाचार का एक प्रतिबिंब, कार्रवाई में विलंब पर कांग्रेस करेगी आंदोलनः सूर्यकांत धस्माना
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि हरिद्वार भूमि घोटाला राज्य में सिस्टम के भ्रष्टाचार का एक प्रतिबिंब है। इस मामले में अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ एक्शन में देरी की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आध्यात्मिक राजधानी हरिद्वार में हुए भूमि खरीद घोटाले की जांच पूरी हो चुकी है। जांच अधिकारी ने जांच रिपोर्ट सरकार को सौंप दी। इसके बावजूद अभी तक दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होना अपने आप में प्रदेश में सिस्टम में भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचार को संरक्षण का एक नायाब उदाहरण है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई ना होना यह बता रहा है कि कहीं ना कहीं भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को ताकतवर लोगों का संरक्षण मिला हुआ है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में धस्माना ने कहा कि जमीन घोटाले की जांच में यह पाया गया कि भूमि का भू उपयोग कृषि था। उसका सर्किल रेट छह हजार रुपए था। अगर उस भूमि को कृषि उपयोग में ही खरीदा जाता तो उसकी कीमत मात्र 15 करोड़ रुपए आती। वहीं, इसकी खरीद से पूर्व इसका भू उपयोग बदल दिया गया। उसके तत्काल बाद नगर निगम हरिद्वार ने उसकी खरीद का अनुबंध कर उसको 54 करोड़ में खरीदा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
धस्माना ने कहा कि भू उपयोग परिवर्तित करने, नगर निगम हरिद्वार द्वारा उसका अनुबंध करने व फिर उसको खरीदने में जो तेजी दिखाई गई, वो गजब की है। अक्टूबर 2024 और नवंबर 2024 के बीच यह सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं। पूरी प्रक्रिया में कोई पारदर्शिता नहीं बरती गई। यह खुलासा जांच में हो चुका है। इस पूरे प्रकरण में कौन कौन अधिकारी शामिल हैं, इसका खुलासा भी जांच रिपोर्ट में होने के बावजूद अभी कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस पार्टी सरकार से पूछना चाहती है कि कार्रवाई कब होगी।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



