देश में कोरोना की तीसरी लहर की संभावना कम, नए केस में बेहद कमी, एक्टिव केस में 18वें स्थान पर भारत
कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या देश में धीरे धीरे कम हो रही है। संभावना है कि अब कोरोना की तीसरी लहर नहीं आएगी। यदि आ भी गई तो ये असरकारी कम होगी। इसके बावजूद हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह सुरक्षा के उपायों के प्रति सजग रहे। फिलहाल दुनिया भर में एक्टिव केस में भारत का नंबर 18वां है। मंगलवार की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8865 नए केस सामने आए। ये आंकड़ा पिछले 287 दिनों में सबसे कम हैं। इस अवधि में197 लोगों की मौत हुई है। रिकवरी रेट 98.27 फीसद है। वहीं कोरोना के सक्रिय मामलों की बात करें तो 130793 है। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत अब 18वें स्थान पर है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है। भारत में अब तक कोरोना से कुल 3, 38,61,756 लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 5975469 वैक्सीनेशन हुआ। अब तक कुल 1,12,97,84,045 वैक्सीनेशन हो चुका है।पिछले सात दिनों के आंकड़े
देश में सोमवार 15 नवंबर को कोरोना के 10229 नए केस और 125 लोगों की मौत, रविवार 14 नवंबर को कोरोना के 11271 नए केस और 285 लोगों की मौत, शनिवार 13 नवंबर को कोरोना के 11850 नए मामले और 555 लोगों की मौत, शुक्रवार 12 नवंबर को कोरोना के 12516 नए केस और 501 लोगों की मौत, गुरुवार 11 नवंबर को कोरोना के 13091 नए केस, बुधवार 10 नवंबर को कोरोना के 11466 नए केस और 460 लोगों की मौत, मंगलवार नौ नवंबर को कोरोना के 10126 नए केस और 332 लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों में दर्ज की गई कमी
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों में एक बार फिर से कमी दर्ज की गई। राहत की बात ये है कि लगातार सातवें दिन भी किसी की कोरोना से मौत नहीं हुई। सोमवार 15 नवंबर को प्रदेश में कोरोना के सात नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले रविवार 14 नवंबर को 29 नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो सोमवार को 890 केंद्रों में 44198 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू की बजाय अब कोरोना प्रतिबंध (covid restriction) है। इसकी अवधि 20 नवंबर तक है। अब इसमें संशोधन किया गया है। शादी समारोह सहित अन्य आयोजनों में सौ फीसद क्षमता से लोग उपस्थित हो सकेंगे।
उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.11.15 Health Bulletin
अब तक कुल 7403 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 344050 हो गई है। इनमें से 330315 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 11 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 173 हो गई है। अब तक प्रदेश में कुल 7403 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96.01 है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
ब्लैक फंगस से राहत
उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के नए केस थम से गए हैं। सोमवार को ब्लैक फंगस का कोई केस नहीं मिला। किसी मरीज की मौत नहीं हुई। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 590 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 133 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 381 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।




