बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी जांच के बाद मंदिर समिति का कार्मिक देहरादून से गिरफ्तार
बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार किया है। श्रद्धालुओं की आस्था एवं मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण का शासन द्वारा गंभीरता से संज्ञान लिया गया, जिसके उपरांत पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित की गई। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि दिनांक 08 जुलाई, 2026 को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। तहरीर में उल्लेख किया गया कि 02 जुलाई, 2026 को बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर माननीय अध्यक्ष, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के आदेशानुसार गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने निजी हित में चोरी छिपे ले जाने के तथ्य सामने आए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली- सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT द्वारा विवेचना के दौरान घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया तथा वादी व गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त, दिनांक 02 जुलाई, 2026 की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में स्पष्ट पाया गया कि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा अपनी जेब में रखकर अवैध रूप से बाहर ले जा रहा था। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
विवेचना के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि अभियुक्त द्वारा अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर के पैकेट को अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया गया। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने दिनांक 12 जुलाई, 2026 की रात्रि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी के ये हैं आरोप
उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भी दान और चढ़ावे में हेरफेर और चोरी का विवाद सामने आया है। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने शुक्रवार तीन जुलाई, 2026 को एक उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। इस मामले को लेकर ‘भैरव सेना’ नामक संगठन ने श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) से शिकायत की थी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस मामले में सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा था कि शामिल संदिग्ध कर्मचारी BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का निजी सचिव (Personal Secretary) है। इस पर सफाई देते हुए हेमंत द्विवेदी ने कहा था कि यह दावा पूरी तरह गलत है। वह व्यक्ति उनका कोई निजी सचिव नहीं है, बल्कि वह बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) का एक नियमित सरकारी कर्मचारी है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



