मई माह में उत्तराखंड में बारिश का कहर, डोबरा चाटी के पास हटमेंट टूटा, 30 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला, औरेंज और येलो अलर्ट
मई माह में बारिश की बात कुछ अटपटी लग सकती है। वहीं, उत्तराखंड में एक मई से हर दिन झमाझम बारिश हो रही है। इसके साथ ही ओले भी आसमान से बरस रहे हैं। कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं। फसल बर्बाद हो गई। वहीं, इसके विपरीत देहरादून सहित अन्य मैदानी क्षेत्र में एक बार फिर से मौसम सुहावना हो गया है। वहीं, बारिश ने कहर दिखाना भी शुरू कर दिया है। आज रविवार तीन मई की सुबह से ही देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज से पांच मई तक कई जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सरकार ने भी सभी जिलों को अलर्ट रहने को कहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डोबरा चाटी क्षेत्र में फ्लोटिंग हटमेंट टूटा, पर्यटक फंसे
टिहरी झील में डोबरा-चाटी के पास शनिवार देर शाम को तेज आंधी-तूफान के कारण फ्लोटिंग हटमेंट टूट गए। यहां शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट को नुकसान पहुंचाया। कई लोग यहां फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी बीच मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ाते हुए ट्रैकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तेज करने के निर्देश जारी किए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून में छाया अंधेरा, तेज आंधी और ओलों के साथ जोरदार बारिश
रविवार सुबह देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में तेज अंधड़ और गरज-चमक के साथ अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गई। घने बादलों के कारण सुबह के समय ही दिन में अंधेरा सा छा गया, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई। इसी दौरान मसूरी में भी मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई और ओले गिरने लगे। वहीं विकासनगर में आंधी के साथ बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। देहरादून के कई इलाकों में सुबह करीब सवा नौ बजे से शहर के कई इलाकों में जोरदार गरज के साथ तेज बौछारें भी पड़ीं। पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे तक भी देहरादून सहित कई हिस्सों में बारिश का क्रम जारी था। इससे पारे में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। उत्तरकाशी भारी ओलावृष्टि से तबाह हुई यमुनाघाटी की फसलें भी बर्बाद हो गईं। रुड़की सहित राज्य के कई अन्य क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
चार और पांच मई के लिए आरेंज अलर्ट, जनपदों को सावधानी बरतने के निर्देश
मौसम विभाग की ओर से राज्य में संभावित खराब मौसम, आंधी-तूफान एवं आकाशीय बिजली की चेतावनी को दृष्टिगत रखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने जनपदों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में विस्तृत पत्र जारी कर सतर्कता एवं तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चार और मई, 2026 के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधम सिंह नगर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, तीव्र से अति तीव्र वर्षा तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इसके अतिरिक्त दिनांक 05 मई, 2026 को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां ओलावृष्टि, तेज वर्षा एवं तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि जनपदों को उच्च सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
सभी संबंधित विभागों, जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ आदि को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्राम स्तर तक अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने एवं आपदा उपकरणों तथा संसाधनों को तैयार स्थिति में रखने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने मोबाइल/संचार माध्यम सक्रिय रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समन्वय स्थापित करें। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज तीन और कल चार मई को राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ संभावित है। चार हजार मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी भी हो सकती है। पांच मई को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में अनेक स्थानों और शेष जिलों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बरिश की संभवना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
छह से आठ मई तक राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम, वहीं, मैदानी जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। इस दौरान चार हजार मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई पर बर्फबारी भी हो सकती है। नौ मई को राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्यभर में अधिकतम तापमान सामान्य से कम या काफी कम रहा। अनुमान है कि अगले तीन से चार दिन में राज्य का अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री गिर सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज तीन मई के लिए राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट है। चार मई के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर जिले के लिए ओरेंज अलर्ट, अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। इस दौरान कहीं कहीं भारिश बारिश हो सकती है। पांच मई के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले के लिए ओरेंज और शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट है। छह और सात मई के लिए पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
रविवार तीन मई की दोपहर करीब 12 बजे तक देहरादून का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने की संभावना है। चार से 10 मई तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 26, 28, 29, 28, 29, 31, 31 रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान रह सकता है। 10 मई तक देहरादून में बादल छाए रहने की भी संभावना है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


