उत्तराखंड के कई जिलों में जारी रहेगा भारी बारिश का दौर, 124 सड़कें अवरुद्ध, देहरादून को ज्यादा गर्मी से राहत, जानिए मौसम पूर्वानुमान
आज बुधवार 19 अगस्त की सुबह से ही उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बारिश थमी हुई है। कहीं कहीं धूप भी है। इससे पहले 36 घंटे तक लगातार बारिश होती रही। जोरदार बारिश ने लोगों को डरा कर रखा। अभी पहाड़ से लेकर बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, राज्य के कुछ जिलों में तापमान कम होने से लोगों को अगस्त माह की गर्मी ज्यादा महसूस नहीं हो रही है। यदि आप घर से बाहर निकलोगे और धूप होगी तो चुभती गर्मी लगेगी। हर दिन बारिश के चलते नदी और नालों का जल प्रवाह बढ़ा हुआ है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की 18 अगस्त की शाम की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में 124 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें पीडब्ल्यूडी की 28 और पीएमजीएसवाई व आर डब्ल्यूडी की 92 सड़कें, एनएच (बीआरओ) की एक, एचएच की दो, ओडीआर की एक सड़क है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, आज 19 अगस्त से लेकर 25 अगस्त तक राज्य के जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन और बौछार के साथ हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में सामान्य से कम रहा। ऐसे में फिलहाल राज्य में ज्यादा गर्मी नहीं है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 19 अगस्त के लिए देहरादून, बागेश्वर जिले में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान ये भी है कि कहीं कहीं आकाशीय बिजली चमकेगी, बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर चलेंगे। आज के लिए ही राज्य के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 अगस्त से लेकर 23 अगस्त तक राज्यभर के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि भूस्खलन संभावित इलाकों में सावधान रहें। नदी नालों के समीप रहने वालों को सतर्क रहना होगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
आज 19 अगस्त की पूर्वाह्न पौने 11 बजे तक देहरादून का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद 20 से 26 अगस्त तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमश 29, 28, 28, 28, 29, 29, 29, डिग्री रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24, 23, 23, 23, 24, 24, 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



