टेस्ट क्रिकेट में अपने डेब्यू में दून की बेटी स्नेह राणा की इंग्लैंड में सुनामी, चटकाए चार विकेट
दून की क्रिकेटर स्नेह राणा ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में पदार्पण करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। मैच में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के चार विकेट चटका दिए।
दून की क्रिकेटर स्नेह राणा ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में पदार्पण करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। मैच में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के चार विकेट चटका दिए। मेजबान इंग्लैंड और भारत के बीच एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय महिला टीम की ऑफ स्पिनर स्नेह राणा ने मैच के पहले दिन किए गए प्रदर्शन को अपने पिता को समर्पित किया, जिनका दो महीने पहले निधन हो गया था। स्नेह राणा ने पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 39.2 ओवर में 131 रन देकर चार विकेट झटके हैं। तीन विकेट तो उन्होंने पहले दिन लिए। उनके कोच नरेंद्र शाह ने इस प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की है।लिटिल स्टार क्रिकेट एकेडमी के संचालक व स्नेह राणा के कोच नरेंद्र शाह ने बताया कि स्नेह की भारतीय टीम में वापसी को लेकर वह बेहद खुश हैं। जिस तरह से स्नेह ने गेंदबाजी की है उससे यह खुशी कई गुना बढ़ गई है। बताया कि पांच साल पूर्व मैच के दौरान ही स्नेह के घुटने में चोट लग गई थी। जिसका आपरेशन कराना पड़ा था। इस कारण स्नेह को मैदान से दूर रहना पड़ा, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और टीम में वापसी करने के लिए मेहनत करती रही।
स्नेह राणा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर टीम इंडिया में जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि टीम लिस्ट जारी होने से कुछ ही दिन पहले स्नेह के पिता का देहांत हो गया था। स्नेह राणा के पिता उन्हें भारतीय टीम से खेलते देखना चाहते थे। वह अपने पिता के सपने को साकार कर रही हैं। वहीं, पहले दिन के मैच के बाद स्नेह राणा ने भी मीडिया से बातचीत में अपने इस शानदार प्रदर्शन को अपने पिता को समर्पित किया है।
ऑफ स्पिनर स्नेह राणा ने पहले दिन इंग्लैंड के 3 बल्लेबाजों को चलता किया और भारत को मैच में वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद स्नेह ने कहा, “मैंने अपने पिता को दो महीने पहले खो दिया था। टीम घोषित होने से ठीक पहले ही उनका निधन हुआ। यह काफी कठिन और भावुक पल है, क्योंकि मेरे पिता मुझे भारत के लिए फिर से खेलते देखना चाहते थे। दुर्भाग्य से वह अब हमारे साथ नहीं है, लेकिन यह जीवन का हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे चोट लगी थी जिसके कारण मैं एक साल तक क्रिकेट से दूर रही, लेकिन मैंने घरेलू क्रिकेट खेला और वहां प्रदर्शन किया। शुक्रगुजार हूं कि मैं वापसी कर सकी। वहीं, मैच से ठीक पहले हुई टीम मीटिंग के बारे में स्नेह ने कहा कि मैच से पहले जब टीम की बैठक हुई तभी मुझे पता चला कि मैं एकादश में शामिल हूं। मैंने कोच और कप्तान से बात की और पूछा कि किस तरह गेंदबाजी करनी है इस पर चर्चा भी की।
स्नेह राणा ने कहा कि भारत को फायदा है, क्योंकि वह इस मैच में बिना किसी दबाव के खेल रहा है और उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। भारत और इंग्लैंड की महिला टीम उस पिच पर पांच दिवसीय टेस्ट मैच खेलने उतरी हैं, जिस पर कुछ ही दिन पहले टी-20 मैच खेला जा चुका है। हालांकि, इस तरह की पिच देने के लिए इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ईसीबी ने माफी मांगी है।





बेटी स्नेहा राणा को बधाई