Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 22, 2026

कुंभ में कोरोना टेस्टिंग घोटालाः हाईकोर्ट ने कहा-एसआइटी की रिपोर्ट से संतुष्ट न होने पर होगा सीबीआइ जांच पर विचार

उत्तराखंड में हरिद्वार कुंभ के दौरान कोविड जांच के फर्जीवाड़े की जनहित याचिका पर नैनीताल हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि मामले की एसआइटी जांच चल रही है। रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने पर सीबीआइ जांच पर विचार किया जा सकता है।

उत्तराखंड में हरिद्वार कुंभ के दौरान कोविड जांच के फर्जीवाड़े की सीबीआइ जांच की मांग को लेकर दायर सच्चिदानंद डबराल की जनहित याचिका पर नैनीताल हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि मामले की एसआइटी जांच चल रही है। रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने पर सीबीआइ जांच पर विचार किया जा सकता है। अगली सुनवाई 28 जून को होगी।
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता शिव भट्ट ने कोर्ट को बताया कि हरिद्वारा महाकुंभ में हुई कोविड जांच में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यदि चारधाम यात्रा में भी इन्हीं लैबों को कोविड जांच की जिम्मेदारी दी गई तो फिर से फर्जीवाड़ा होना तय है, लिहाजा मामले की सीबीआइ जांच कराई जाए। सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से बताया गया कि मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है। जांच के लिए एसआइटी गठित कर दी गई है। जांच भी शुरू हो गई है।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आरएस चौहान व न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की खंडपीठ ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि फिलहाल कोर्ट का फोकस कोविड की संभावित तीसरी लहर से निपटने को लेकर सरकार की तैयारियां पर है। मामले की एसआइटी जांच चल रही है। रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने पर मामला सीबीआइ को सौंपने पर विचार किया जाएगा। वहीं, सच्चिदानंद डबराल ने सीबीआइ को भी पत्र लिखकर मामले का स्वत: संज्ञान लेकर जांच की मांग की थी। इसपर सीबीआइ की ओर से कहा गया कि हम किसी मामले का स्वत: संज्ञान लेकर जांच नहीं करते। कोर्ट के आदेश पर जांच की जा सकती है।
ये है फर्जीवाड़ा
उत्तराखंड में हरिद्वार कुंभ के दौरान कोरोना टेस्टिंग में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया था। जांच में कम से कम एक लाख कोरोना टेस्ट फर्जी पाए गए। एक जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि उत्तराखंड सरकार की तरफ से कुंभ मेले के दौरान कराई जाने वाली कोरोना टेस्टिंग के लिए एक प्राइवेट एजेंसी ने इतनी बड़ी जांच में कम से कम एक लाख फर्जी रिपोर्ट जारी की थीं। हरिद्वार जिला प्रशासन ने अब उन आरोपों की जांच का आदेश दिया है, जिनमें कहा गया है हरिद्वार में कुंभ उत्सव के दौरान कोरोना टेस्टिंग करने के लिए काम करने वाली प्राइवेट लैब्स की ओर से नकली रिपोर्ट जारी की गई थीं।
बता दें कि हरिद्वार में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कुंभ उत्सव का आयोजन किया गया था। इस दौरान 22 प्राइवेट लैब्स की तरफ से लगभग 4 लाख कोरोना टेस्ट किए गए थे। फरीदकोट पंजाब निवासी एक व्यक्ति ने आइसीएमआर से कोरोना जांच में फर्जीवाड़े की शिकायत की थी। इस व्यक्ति के मोबाइल पर कोरोना जांच का संदेश पहुंचा था, जबकि उसकी कभी कोरोना जांच हुई ही नहीं।
राज्य के स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई। कोविड-19 मामलों के चीफ कंट्रोलिंग आफिसर डा. अभिषेक त्रिपाठी के स्तर से की गई इस जांच में प्रथमदृष्टया शिकायत सही पाई गई। यही नहीं, उन्होंने एक लाख से अधिक कोरोना जांच में गड़बड़ी की आशंका जाहिर की है। डा. त्रिपाठी ने शासन को सौंपी अपनी रिपोर्ट में मामले को गंभीर बताते हुए इसकी विस्तृत जांच की सिफारिश की थी। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य सचिव ने हरिद्वार के जिलाधिकारी को कुंभ मेला अवधि, इससे पहले और इसके बाद हुई कोरोना जांच की विस्तृत छानबीन के निर्देश दिए थे।
दर्ज हुए हैं मुकदमें
चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार द्वारा नगर कोतवाली के मैक्स, लाल चंदानी कंपनी व नलवा लेब्रोट्रीज के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आपदा प्रबंधन एक्ट के साथ 420,467,468,128 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही एसआइटी का भी गठन कर दिया है। इससे पहले मैक्स की ओर से भी हाईकोर्ट में इसी तरह की याचिका दाखिल की जा चुकी है।
मामले की एसआइटी कर रही जांच
कुंभ के दौरान कोरोना जांच घोटाले की जांच एसआइटी कर रही है। इसके अलावा सीडीओं के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम अलग से जांच कर रही है। दो दिन पहले ही कोरोना जांच कंपनी मैसर्स मैक्स कारपोरेट सर्विसेज नई दिल्ली व नलवा लेबोरेट्रीज प्राइवेट लिमिटेड हरियाणा व डा. लाल चंदानी लैब नई दिल्ली पर नामजद मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मामले में सीएमओ डा. शंभू कुमार झा व मेलाधिकारी डा. अर्जुन सिंह सेंगर के बयान भी दर्ज कर चुकी है। साथ ही टेंटिंग कंपनी अधिकारियों को हरिद्वार तलब भी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *