अभिनेत्री कंगना रनौत की बढ़ी मुसीबत, सिख समाज पर टिप्पणी को लेकर दिल्ली विधानसभा ने भेजा समन
अभिनेत्री कंगाना रनौत की मुसीबत बढ़ती जा रही हैं। अक्सर विवादित बयान देने के चलते इस बार सिख समुदाय उनसे नाराज है। दिल्ली विधानसभा की शांति और सद्भाव समिति ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को समन किया है।
अभिनेत्री कंगाना रनौत की मुसीबत बढ़ती जा रही हैं। अक्सर विवादित बयान देने के चलते इस बार सिख समुदाय उनसे नाराज है। दिल्ली विधानसभा की शांति और सद्भाव समिति ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को समन किया है। कंगना को 6 दिसंबर को दोपहर 12:00 बजे समिति के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। सिख समाज पर की गई अप्रिय और अपमानजनक टिप्पणी को लेकर यह समन जारी किया गया है। शांति और सद्भाव समिति के अध्यक्ष आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा हैं। गौरतलब है कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने इंस्टाग्राम पर सिख समुदाय के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है।समिति की ओर से जारी बयान के अनुसार, रनौत के खिलाफ यह शिकायत मंदिर मार्ग थाने के साइबर प्रकोष्ठ में दर्ज करायी गई है। समिति का कहना है कि सोशल मीडिया पर हाल में किए गए अपने पोस्ट में रनौत ने जानबूझकर किसानों के प्रदर्शन को खालिस्तानी आंदोलन बताया है। बयान में कहा गया है कि अभिनेत्री ने सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का उपयोग किया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति केबयान के अनुसार, सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने के लिए जानबूझकर वह पोस्ट तैयार किया गया और आपराधिक मंशा से उसे साझा किया गया।
देश के आजादी को लेकर अपने बयान के कारण विवादों में आईं कंगना पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लग चुका है। कंगना ने दावा किया था कि सुभाषचंद्र बोस और भगत सिंह को महात्मा गांधी से समर्थन नहीं मिला। यहीं नहीं, कंगना ने बापू के ‘अहिंसा के मंत्र’ का भी मजाक बनाते हुए कहा कि एक और गाल आगे करने से आपको ‘भीख’ मिलती है आजादी नहीं।
सिख समुदाय के लिए किया आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग
सोशल मीडिया पोस्ट में सिख समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में कंगना रनौत के खिलाफ मुंबई में एफआईआर दर्ज की गई थी। दरअसल अभिनेत्री कंगना ने सरकार की ओर से कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के बाद अपने बयान में लिखा था कि-खालिस्तानी आतंकवादियों ने भले ही आज सरकार की बांह मरोड़ दी हो, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि एक महिला प्रधानमंत्री ने इन्हें कुचल दिया था। चाहे इसकी वजह से देश को कितना भी कष्ट क्यों न हुआ हो।
इनको वैसा ही गुरु चाहिए
इंदिरा गांधी की तस्वीर शेयर करते हुए कंगना रनौत ने लिखा था कि-उसने अपनी जान की कीमत पर उन्हें मच्छरों की तरह कुचल दिया, लेकिन देश के टुकड़े नहीं होने दिए, उनकी मृत्यु के दशक के बाद आज भी उसके नाम से कांपते हैं ये। इनको वैसा ही गुरु चाहिए।



