गलत साबित हुआ मौसम विभाग का पूर्वानुमान, दून में हुई बारिश और मसूरी में गिरे ओले, ऐसा रहेगा अगले पांच दिन मौसम
उत्तराखंड में मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर से गलत साबित हो गया। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में मंगलवार को बारिश की संभावना जताई थी। विभाग की इस सूची में देहरादून का जिक्र नहीं था। हालांकि, गूगल पर सर्च करने के आधार पर लोकसाक्ष्य ने मंगलवार की सुबह जारी की गई खबर में देहरादून में बारिश की संभावना जताई थी, जो सच साबित हुई। मंगलवार की देर शाम मौसम बदला और राजधानी देहरादून और मसूरी में झमाझम बारिश हुई। मसूरी में हल्का कोहरा होने के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई। उधर, यमुनोत्री धाम सहित आस-पास के खरशाली गांव फूलचट्टी, नारायण पुरी, जानकीचट्टी क्षेत्र में भी बारिश हुई। ऐसे में तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को हल्की गर्मी से राहत मिली है। देहरादून में आज भी बादलों का डेरा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तीन दिन शुष्क रहेगा मौसम
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज बुधवार 22 फरवरी से लेकर 24 फरवरी तक राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव संभव है। 25 फरवरी को पर्वतीय जिलों में उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 26 फरवरी को उक्त जिलों के साथ ही बागेश्वर, देहरादून, टिहरी जिले के कुछ इलाकों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
फिलहाल देहरादून के अधितम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज की जा रही है। बुधवार 22 फरवरी की सुबह करीब सवा दस बजे देहरादून का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहने की संभावना है। 23 फरवरी को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 25 डिग्री हो जाएगा। इसके बाद 24 से 29 फरवरी तक अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान 22 फरवरी, 25 फरवरी से लेकर 29 फरवरी तक देहरादून में बादल छाए रहेंगे।



