कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष पर वार, बोले-भर चुका है पाप का घड़ा, फूटेगा
हरिद्वार नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस नशे को चुनावी मुद्दा बनाए हुए है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने उत्तराखंड सरकार के साथ ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर निशाना साधा।
हरिद्वार नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस नशे को चुनावी मुद्दा बनाए हुए है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने उत्तराखंड सरकार के साथ ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दिन पूरे हो गए हैं। साथ ही कहा कि मदन कौशिक के पाप का घड़ा भर गया है। ये घड़ा अब जल्द ही फूटने वाला है। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और दूसरे भाजपा नेताओं पर नशे के सौदागरों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा संगठन और सरकार पर नशे के कारोबार को आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अवैध शराब बन रही है। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे उत्तराखंड को नशे की गर्त में धकेल दिया है।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में सरकार के संरक्षण में शराब, स्मैक समेत अन्य कई तरह के नशे अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं। सरकार इस पर अंकुश नहीं लगा रही है। इससे पता चलता है कि ड्रग माफियाओं और सरकार के बीच साठगांठ है। उन्होंने कहा कि धर्म नगरी को नशे की चंगुल से आजाद कराने के लिए जनता के सामने कांग्रेस की विकल्प है।
खास कर धर्मनगरी हरिद्वार में शासन-प्रशासन की अनदेखी में नशे का कारोबार हो रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के दिन पूरे हो गए हैं और मदन कौशिक के पाप का घड़ा भर गया है। जल्द ही घड़ा फूटने वाला है और प्रदेश में कांग्रेस सरकार के आने पर नशे के इस कारोबार को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा। इसके कारोबारियों को इतनी सख्त सजा दी जाएगी कि सबकी रूह कांप उठेगी।




