दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाकर जनभावनाओं की घोर उपेक्षाः करन माहरा

उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने बीजेपी नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाने को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ का नारा देने वाली भाजपा बताए कि अंकिता के लिए न्याय की आवाज़ से ज़्यादा अहम अपने नेताओं की ताजपोशी क्यों है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
एक बयान में उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में दुष्यंत गौतम को लेकर उठे गंभीर आरोपों और सवालों के बीच उन्हें सिक्किम का राज्यपाल बनाना उत्तराखंड की जनभावनाओं की घोर उपेक्षा है। आरोपों की निष्पक्ष जांच और जनता को स्पष्ट जवाब देने की मांग का उत्तर ऊँचे पदों पर नियुक्ति नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा याद रखे कि राजभवन की कुर्सी जनता के सवालों को खामोश नहीं कर सकती। अंकिता के परिवार की पीड़ा राजनीतिक सुविधा के हिसाब से भुला देने का विषय नहीं है। उत्तराखंड की बेटी के सम्मान और न्याय की मांग पर सत्ता का यह अहंकार स्वीकार नहीं होगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस नेता करन माहरा ने कहा कि मैं स्पष्ट कहना चाहता हूँ कि अंकिता प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका सहित प्रत्येक अनुत्तरित सवाल की निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। भाजपा सरकार बताए कि सच्चाई सामने लाने के लिए अब तक क्या ठोस कार्रवाई हुई? उत्तराखंड का स्वाभिमान सत्ता के दरबार में गिरवी नहीं रखा जा सकता। हम अंकिता के परिवार की न्याय की लड़ाई में साथ खड़े हैं और इस आवाज़ को सड़क से सदन तक उठाते रहेंगे। जवाब देना होगा, जवाबदेही तय करनी होगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
अंकिता भंडारी हत्याकांड
बता दें कि पौड़ी जिले के यमकेश्वर प्रखंड के अंतर्गत गंगा भोगपुर स्थित वनन्तरा रिसोर्ट से 18 सितंबर 2022 की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी लापता हो गई थी। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि हत्या कर उसका शव चीला नहर में फेंक दिया गया था। इस मामले में रिसोर्ट मालिक पुलकित आर्य, प्रबंधक सौरभ भास्कर और सहायक प्रबंधक अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य पूर्व बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री विनोद आर्य का बेटा है। पुलकित आर्य रिजॉर्ट का मालिक है। विनोद आर्य और उनके दूसरे बेटे अंकित आर्य को बीजेपी ने निष्कासित कर दिया था। इस मामले में चर्चा ये भी रही कि किसी वीआईपी को खुश करने के लिए अंकिता पर दबाव बनाया जा रहा था। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
आज तक वीआईपी के नाम का खुलासा नहीं हुआ। इस मामले के प्रमुख अभियुक्त पुलकित आर्य (रिज़ॉर्ट के मालिक), अंकित गुप्ता (रिज़ॉर्ट के सहायक प्रबंधक) और सौरभ भास्कर (रिज़ॉर्ट के प्रबन्धक) हत्या की बात कबूल कर ली। कोटद्वार कोर्ट में हुई सुनवाई में तीनों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
फिर नया खुलासा बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी उर्मिला सनावर ने वीआईपी के नाम को लेकर किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में डाला गया। इसमें दावा किया गया कि वीआईपी बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम हैं। साथ ही राज्य में बीजेपी के एक पूर्व महामंत्री संगठन अजय कुमाार का नाम भी इस प्रकरण से जोड़ा गया है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



