गजबः कोरोना मरीजों का चुराते थे मोबाइल फोन, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

कोरोनाकाल में जहां लोग संक्रमितों की मदद को खड़े हो रहे हैं, वहीं ऐसे लोग भी हैं जो उनकी मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। देहरादून में प्रेमनगर पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों के मोबाइल फोन चोरी करते थे। ऐसे तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
सुनील गुप्ता ने चौकी झाझरा पर तहरीर दी थी कि उसकी पत्नी रीमा गुप्ता कोविड पॉजिटिव है और उपचार सुभारती अस्पताल झाझरा से चल रहा है। आज जब पत्नी को फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। इसके बाद पत्नी से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसका फोन हास्पिटल से चोरी हो गया है। तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया। इस पर थानाध्यक्ष प्रेम नगर ने टीमें गठित की और कोविड मरीजों के मोबाइल फोन को चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुभारती अस्पताल में नियुक्त कर्मचारियों व अधिकारियों से कोविड गाइडलाइन में दिए गए आदेश निर्देशों का पालन करते हुए पूछताछ की।
छानबीन के आधार पर अफजल पुत्र इखलाख निवासी छरबा उस्मानपुर थाना सहसपुर देहरादून, शुभम पुत्र बिजेंद्र निवासी ढाकी थाना सहसपुर देहरादून, रवि कुमार पुत्र रमेश चन्द्र निवासी सहसपुर देहरादून को सुभारती अस्पताल चकराता रोड के पास से चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया।
तीनों अस्पताल में काम करते हैं। पूछताछ पर बताया कि जब मरीज आराम करता है और मौका देखकर उसके फोन को तुरंत छुपा कर अपने पास रख लेते हैं। फोन को तुरंत स्विच ऑफ कर देते हैं। उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल बरामद किए गए।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






