बिहार में 15 मई तक संपूर्ण लॉकडाउन, उत्तराखंड में मौत के आंकड़े बिहार से ज्यादा और टुकड़ों में लगा रहे लॉकडाउन

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नीतीश सरकार ने बिहार में 15 मई तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। सीएम नीतीश कुमार ने ट्विटर के माध्यम से इस फैसले की जानकारी दी। सीएम नीतीश के अनुसार सोमवार को सहयोगी मंत्रीगण और पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बाद बिहार में फिलहाल 15 मई, 2021 तक लॉकडाउन लागू करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि इसकी विस्तृत मार्ग निर्देशिका और अन्य गतिविधियों के संबंध में आज ही आपदा प्रबंधन समूह को कार्रवाई करने हेतू निदेश दिया गया है। वहीं, उत्तराखंड में कोरोना के आंकड़े देखें तो इन दिनों स्थिति बिहार से ज्यादा खतरनाक है। यहां मौत से मरने वालों की संख्या बिहार से ज्यादा है। इसके बावजूद उत्तराखंड में टुकड़ों में लाकडाउन लगाया जा रहा है।
कोरोना को लेकर बिहार के आंकड़ों की बात करें तो बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान 82 और लोगों की मौत हो जाने से इससे मरने वालों की संख्या सोमवार को 2821 हो गई। पिछले साल कोरोना महामारी की शुरूआत होने के बाद से इस रोग से अबतक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढकर 509047 हो चुकी है।
बिहार में कोरोना के हालात लगातार अनियंत्रित दिखाई दे रहे हैं। प्रवासी श्रामिकों के लौटने के बाद संक्रमण के तेजी से फैलने के आसार हैं। ऐसे में सरकार ने लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। बिहार देश के उन कुछ शीर्ष राज्यों में शामिल है जहां एक्टिव मरीजों के 81.46 फीसदी मामले शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में फिलहाल जितने एक्टिव मरीज हैं उनमें से 81.46 प्रतिशत महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार और हरियाणा में हैं।
उत्तराखंड में सर्वाधिक 128 मौत
उत्तराखंड में एक बार फिर से कोरोना ने नया रिकॉर्ड बनाया है। सोमवार तीन मई की शाम को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 128 लोगों की मौत हुई। वहीं, 5403 संक्रमित मिले। एक्टिव केस की संख्या 55436 पहुंच गई है। वहीं, 3344 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इससे पहले 30 अप्रैल को 122 लोगों की कोरोना से जान चली गई थी। मौत के ये अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। 28 अप्रैल को सर्वाधिक 6954 नए संक्रमित मिले थे। इसी माह अप्रैल में ये लगातार नवीं बार है कि जब एक दिन में पांच हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। वहीं, दो बार छह हजार का आंकड़ा भी पार हो चुका है। वहीं, सोमवार को 173 केंद्र में 8941 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। ये संख्या बहुत ही कम है। पहले हर दिन रोजाना तीस से चालीस हजार लोगों को टीके लगाए जा रहे थे। एक दिन तो ये आंकड़ा एक लाख के पार भी पहुंचा था। उधर, उच्च शिक्षण संस्थानों को अग्रिम आदेश तक बंद रखने का निर्णय किया गया है। कई शहरों में छह मई तक कर्फ्यू है। साथ ही प्रदेश भर में 282 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
अब तक कुल 2930 मौत, सर्वाधिक संक्रमित दून में मिले
उत्तराखंड में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 197023 हो गई है। इनमें से 134488 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कोरोना से 2930 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को देहरादून में सर्वाधिक 2026 संक्रमित मिले। हरिद्वार में 676, उधमसिंह नगर में 656, नैनीताल में 458, टिहरी गढ़वाल मं 415, चंपावत में 215, उत्तरकाशी में 192, चमोली में 169, अल्मोड़ा में 167, पिथौरागढ़ में 150, पौड़ी में 139, बागेश्वर में 105 संक्रमित मिले।
यदि आप कोरोना पॉजिटिव हैं तो करें ये उपाय
आप कोरोना पोजटिव हैं घबराएं नहीं, निम्नानुसार दवाईओं का नियमित सेवन करें-
1-Tab Ivermectin 12 mg- एक गोली रोज सुबह शाम खाने के बाद तीन दिन तक।
2-Tab Azithromycin 500mg- एक गोली रोज सुबह खाने के बाद 3 दिन तक।
3-Tab Doxi 100mg- एक गोली रोज सुबह शाम खाने के बाद 7 दिन तक
4-Tab Paracetamol 650mg- एक गोली जब भी बुखार आए।
5-Tab Limcee500 (Ascorbic Acid 500)- दिन में तीन बार खाने से पहले 10 दिन तक।
6-Tab Zinconia (Elemental Zinc 50mg) -सुबह शाम खाने से पहले 10 दिन तक।
7-Calcirol Sachet (Cholicalciferol 6000IU)- दूध के साथ हफ्ते में एक बार एक महीने तक, उसके बाद महीने में एक बार।
विशेष सलाह
1 -प्रतिदिन 3 से 4 लीटर गुनगुना पानी पीयें।
2- दिन में तीन बार भाप लें।
3- आठ घंटे सोयें।
4- प्रीतिदिन हल्का व्यायाम करें अथवा टहलें।
5- ऑक्सीजन मॉनिटर करें
विशेष – जब बुखार 5 दिन बाद भी रहे एवं ऑक्सीजन लेवल 95 फीसद से कम हो और सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत डॉक्टर की सलाह के बाद ही steroid लें।
लिंक- http://www.esanjeevaniopd.in/Register
Regards: Uttarakhand Health and Family Welfare Society.
बढ़ाए जा रहे हैं कंटेनमेंट जोन, 282 स्थानों पर लॉकडाउन
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 282 स्थानों पर कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां लॉकडाउन की स्थिति है। ऐसे स्थानों में सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। वहीं, लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। एक परिवार के एक सदस्य को आवश्यक वस्तु के लिए मोबाइल वेन तक जाने की अनुमति है। इन क्षेत्र में देहरादून में 70, हरिद्वार में 7, नैनीताल में 43, पौड़ी में 14, उत्तरकाशी में 62, उधमसिंह नगर में 48, चंपावत में 20, चमोली में तीन, टिहरी में 9, रुद्रप्रयाग में 3, पिथौरागढ़ में एक, अल्मोड़ा में 2 कंटेनमेंट जोन है।
कई शहरों में कर्फ्यू, बढ़ाई गई अवधि
देहरादून में देहरादून, मसूरी, विकासनगर, हरर्बटपुर, मसूरी, डोईवालाऔर ऋषिकेश, नैनीताल में हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं, पौड़ी में कोटद्वार, स्वर्गाश्रम व लक्ष्मणझूला, टिहरी के कई कस्बों, उधमसिंह नगर, चंपावत, हरिद्वार आदि में तीन मई की सुबह तक कर्फ्यू था। अब इसकी अवधि बढ़ाकर छह मई की सुबह कर दी गई है। यहां आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी। अन्य स्थानों पर हर शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू है। कर्फ्यू में दुकान दोपहर के 12 बजे तक ही खुलेंगी।



