हल्द्वानी प्रकरण में कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, प्रीतम सिंह बोले- भाजपा सरकार की चुप्पी चिंताजनक
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हल्द्वानी में आठ अगस्त 2026 को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित “शुद्धिकरण यज्ञ” प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। चकराता से विधायक एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को इस मुद्दे को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल को किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर “अशुद्ध” बताकर उसका कथित शुद्धिकरण किया गया, तो यह संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना के विरुद्ध अत्यंत गंभीर मामला है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्यसभा में इस मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी का कहना है कि भाजपा सरकार की यह चुप्पी सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भविष्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे कृत्यों पर सख्ती से रोक लगाई जाए। प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, नव प्रभात, विधायक मदन बिष्ट, विक्रम सिंह नेगी विधायक, पूर्व विधायक मनोज रावत व राजकुमार, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, कांग्रेस की प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (सेनि) राम रतन नेगी , पूर्व प्रदेश महामंत्री आर्येंद्र शर्मा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी आदि शामिल थे।नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



