एसआईआर में हो पारदर्शिता, बढ़ाई जाए नोटिस का जवाब देने की समय सीमाः कांग्रेस
महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपा। इसमें निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही कहरा कि नोटिस के उत्तर एवं आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित समयावधि बढ़ाई जाए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस अवसर पर डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 19 लाख मतदाताओं को विभिन्न कारणों से नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि जनपद देहरादून में नोटिस प्राप्त सभी मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई जाए। ताकि जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक दल संबंधित मतदाताओं तक समय पर जानकारी पहुँचा सकें और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डॉ. गोगी ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता हैं जिन्हें नोटिस मिलने के बाद उत्तर एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए अत्यंत कम समय दिया जा रहा है। सीमित समय के कारण अनेक नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेज एकत्रित नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और केवल समयाभाव के कारण किसी भी मतदाता को असुविधा या वंचित होने की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए तथा नोटिस के उत्तर एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की समय-सीमा में उचित वृद्धि की जाए, ताकि सभी प्रभावित नागरिक पर्याप्त समय के भीतर अपना पक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर सकें। महानगर कांग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, जितेन्द्र तनेजा, राजेश पुंडीर, अल्ताफ अहमद, सलमान, वीरेन्द्र पंवार, संजय उनियाल एवं मनीष गर्ग सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



