दून सिटी एफसी एंड अकादमी बनी देहरादून की पहली एआईएफएफ से मान्यता प्राप्त फुटबॉल क्लब और अकादमी
देहरादून के फुटबॉल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। दून सिटी एफसी एंड अकादमी (Doon City FC & Academy) ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की ओर से प्रदान की जाने वाली अकादमी प्रत्यायन (Academy Accreditation) प्राप्त कर देहरादून की प्रथम एआईएफएफ से मान्यता प्राप्त फुटबॉल क्लब और अकादमी (AIFF Accredited Football Club & Academy) बनने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल क्लब के लिए बल्कि सम्पूर्ण देहरादून एवं उत्तराखण्ड के फुटबॉल जगत के लिए गर्व का विषय है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
AIFF Academy Accreditation भारतीय फुटबॉल में युवाओं के विकास के लिए निर्धारित उच्च मानकों की आधिकारिक मान्यता है। यह प्रमाणित करता है कि अकादमी खिलाड़ी विकास, प्रशिक्षकों की गुणवत्ता, संरचना, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्था जैसे विभिन्न मानकों पर AIFF द्वारा निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करती है। AIFF ने 2026-27 सत्र के लिए देशभर की मान्यता प्राप्त अकादमियों की घोषणा हाल ही में की है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दून सिटी एफसी एंड अकादमी के संस्थापक एवं निदेशक प्रवीण फरासी ने इस अवसर पर कहा कि यह उपलब्धि पिछले छह वर्षों की निरंतर मेहनत, समर्पण और खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों तथा सहयोगियों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब देहरादून के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की संरचित प्रशिक्षण व्यवस्था, बेहतर प्रतियोगिताओं में भागीदारी तथा भविष्य में उच्च स्तर के अवसर प्राप्त करने का मजबूत मंच मिलेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने इस सफलता का श्रेय अकादमी के समस्त कोचिंग स्टाफ, तकनीकी टीम, खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगी संस्थाओं तथा सभी फुटबॉल प्रेमियों को दिया, जिनके निरंतर सहयोग से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी। प्रेस वार्ता में अकादमी की आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें ग्रासरूट फुटबॉल को और अधिक मजबूत करना, युवा खिलाड़ियों के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, AIFF एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में नियमित भागीदारी तथा उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए दीर्घकालिक विकास कार्यक्रम शामिल हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस मौके पर कहा गया कि दून सिटी एफसी एंड अकादमी सभी फुटबॉल प्रेमियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल संगठनों का आभार व्यक्त करती है तथा विश्वास दिलाती है कि भविष्य में भी देहरादून और उत्तराखण्ड में फुटबॉल के विकास हेतु निरंतर कार्य करती रहेगी। दून सिटी एफसी एंड अकादमी से जुड़े लोगों में संजीव डोभाल, संदीप शर्मा, दिलबीर सिंह बिष्ट, रमेश राणा, अभिनव नेगी, सौरभ उनियाल, अनुपम नेगी, दीपक फरासी आदि प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



