देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में जोरदार बारिश, कई जिलों में दो दिन रेड अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी, जानिए मौसम पूर्वानुमान
राजधानी देहरादून सहित उत्तराखंड के कई जिलों में बुधवार की शाम से जोरदार बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह आज गुरुवार नौ जुलाई को भी जारी है। भारी बारिश के चलते नदी, नाले उफान पर हैं। पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन के चलते सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं। वहीं, देहरादून, नैनीताल, उधमसिंह नगर जिले में आज के लिए पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक के स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र में स्थानीय प्रशासन की ओर से छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। गौर करने वाली बात ये है कि गर्मियों की छुट्टी के बाद कई निजी स्कूल आज खुलने थे। फिलहाल देहरादून सहित कई जिलों में नॉन स्टॉप बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं, आज देहरादून का तापमान गिरने से लोगों को जुलमाई माह में गर्मी से राहत महसूस हो रही है। हालांकि, कल से तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर आज नौ जुलाई से लेकर 15 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश गर्जन के साथ हो सकती है। इस दौरान तेज बौछारें भी पड़ेंगी। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्यभर में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। लगातार बारिश के चलते मैदानी जिलों में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या से भी लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का मौसम अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ ही कहीं कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। वहीं, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। इसी तरह की स्थिति 10 जुलाई को उधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत जिले की हो सकती है। ऐसे में इन दो दिन संबंधित जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिन शेष जिलों के लिए कहीं कहीं ओरेंज अलर्ट और कुछ स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 से 13 जुलाई तक राज्यभर के जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
आज गुरुवार नौ जुलाई की पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे तक देहरादून का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है। 10 से 16 जुलाई तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 26, 29, 31, 32, 31, 30, 29 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में भले ही दिन में हल्की गर्मी होगी, लेकिन रात को गर्मी से काफी राहत मिल सकती है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



