Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

May 29, 2026

गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण का जनसंपर्क जारी, विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में किया प्रतिभाग

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने बुधवार को क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनसम्पर्क कार्यक्रमों में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों से भेंट की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। विजयपाल सजवाण दो बार कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। इसके बाद वह लगातार दो बार चुनाव हारे और फिर बीजेपी में शामिल हो गए। अब उनकी पहली लड़ाई वर्ष 2027 में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी का टिकट हासिल करना है। साथ ही दूसरी लड़ाई के रूप में वह विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। ताकि अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को जोरदार तरीके से वापस लिया जा सके। इसी कड़ी में वह खुद को सक्रिय बनाए हुए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

बुधवार को सर्वप्रथम उन्होंने माँ यमुना के पावन धाम यमुनोत्री की सात दिवसीय यात्रा से लौटे काशी क्षेत्र के क्षेत्राधिपति एवं श्रद्धा के केंद्र ईष्ट देव भगवान कंडार देवता की अस्सी गंगा घाटी के चिंवा गाँव में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के साथ भव्य अगुवाई की। इस दौरान वे देव डोली के साथ गंगोरी तक पैदल यात्रा में सम्मिलित हुए तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। देव यात्रा के दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण एवं पारंपरिक लोक आस्था से सराबोर दिखाई दिया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

इसके उपरांत पूर्व विधायक बौन गाँव पहुँचे, जहाँ गाँव की व्याही ध्याणियों द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सम्मिलित होकर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन समिति, समस्त ग्रामवासियों एवं ध्याणियों को सफल एवं भव्य आयोजन हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

इस अवसर पर कथा व्यास जगदीश प्रसाद उनियाल द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की अत्यंत भावपूर्ण एवं मनमोहक कथा का वाचन किया गया। कथा के दौरान प्रस्तुत सुंदर झांकी एवं भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सायंकाल पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने चिणाखोली गाँव में जनसम्पर्क कर ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों की कुशलक्षेम जानकर हर सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *