उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, मैदानों में बारिश, देहरादून सहित राज्यभर में तीन दिन लगेंगी झड़ियां
उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में भी तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। चारधाम सहित पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी भी हो रही है। दो दिन के लिए तो भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड का मौसम
गुरुवार 27 फरवरी की सुबह से ही देहरादून सहित राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 27 और 28 फरवरी को राज्य के जिलों में अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम, एक मार्च को बहुत हल्की से हल्की बारिश संभावित है। दो मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और अन्य जिले शुष्क रह सकते हैं। तीन मार्च को उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, चार मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिले में बहुत हल्की से हल्की बारिश, पांच मार्च को राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तीन दिन इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 फरवरी के लिए उधमसिंह नगर जिले को छोड़कर राज्यभर के अन्य जिलों के लिए कहीं कहीं भारी बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी, कहीं कहीं ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़ बागेश्वर जिले के लिए ओरेंज अलर्ट, अन्य जिलों सारे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक मार्च को देहरादून, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल जिले के लिए येलो अलर्ट है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पहाड़ों पर होगी भारी बर्फबारी
मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 फरवरी को राज्य के बारिश प्रभावित पर्वतीय जिलों में 2800 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई, 28 फरवरी और एक मार्च को बारिश प्रभावित पर्वतीय जिलों में 2500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। 27 फरवरी को 3500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई, 28 फरवरी को तीन हजार मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में कुछ जगह भारी बर्फबारी भी हो सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
गुरुवार 27 फरवरी की पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे तक देहरादून का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके न्यूनतम 13 डिग्री रहने की संभावना है। 28 फरवरी को न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री रह सकता है। एक से छह मार्च तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 21, 23, 24, 22, 22, 24 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 11, 12, 12, आठ, नौ व 11 डिग्री रहने का अनुमान है। ऐसे में कई दिन न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रहेगी।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।
