Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 14, 2026

जनसरोकार पत्रकारिता के लिए राज्य स्तर पर चार युवा पत्रकारों को सम्मानित करेगा उत्तरांचल प्रेस क्लब, बच्चों को नॉलेज टूर

उत्तरांचल प्रेस क्लब इस वर्ष पत्रकारिता की विभिन्न विधाओं में जनसरोकार से जुड़े उत्कृष्ट लेखन व छायांकन को प्रोत्साहित करने के लिए 35 वर्ष तक के चार युवा पत्रकारों-छायाकारों को पुरस्कृत करेगा।

उत्तरांचल प्रेस क्लब इस वर्ष पत्रकारिता की विभिन्न विधाओं में जनसरोकार से जुड़े उत्कृष्ट लेखन व छायांकन को प्रोत्साहित करने के लिए 35 वर्ष तक के चार युवा पत्रकारों-छायाकारों को पुरस्कृत करेगा। राज्य स्तर पर यह पुरस्कार चार कैटेगरी में प्रदान किए जाएंगे। 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर महामंत्री ओपी बेंजवाल व अन्य की मौजूदगी में उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल ने इसकी विधिवत घोषणा की। इसके लिए क्लब की सृजन समिति के संयोजक एवं संयुक्त मंत्री दिनेश कुकरेती को संयोजक बनाया गया है।
संयोजक दिनेश कुकरेती ने बताया कि पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से 35 वर्ष तक की आयु के पत्रकार व छायाकार 30 जून 2022 तक अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं। इसके बाद भेजी गई प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न के अलावा नकद राशि प्रदान की जाएगी।
आवेदन की कैटेगरी
प्रिंट
1 जनवरी 2022 से 29 जून 2022 के बीच प्रकाशित सामाजिक सरोकारों से जुडी़ बेहतरीन स्टोरी या रिपोर्ट के लिए।
इलेक्ट्रानिक
1 जनवरी 2022 से 29 जून 2022 के बीच प्रसारित सामाजिक सरोकारों से जुडी़ बेहतरीन स्टोरी या रिपोर्ट के लिए।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म (पोर्टल, यू-ट्यूब व ब्लाग) 
1 जनवरी 2022 से 29 जून 2022 के बीच प्रकाशित/प्रसारित बेहतरीन स्टोरी, रिपोर्ट या रिपोर्ताज के लिए।
छाया चित्र 
1 जनवरी 2022 से 29 जून 2022 के बीच किसी समाचार पत्र-पत्रिका में प्रकाशित सामाजिक सरोकारों से जुडे़ छाया चित्र के लिए।
ऐसे करें आवेदन
-प्रिंट कैटेगरी में तीन बेहतरीन स्टोरी या रिपोर्ट भेजा जाना अनिवार्य है।
– इलेक्ट्रानिक कैटेगरी में अधिकतम तीन-तीन मिनट की तीन क्लिप भेजा जाना अनिवार्य है।
– सोशल मीडिया प्लेटफार्म कैटेगरी में  स्टोरी, रिपोर्ट या रिपोर्ताज की तीन क्लिप भेजा जाना अनिवार्य है।
– छाया चित्र कैटेगरी में तीन छाया चित्र भेजे जाने अनिवार्य है।
आयु सीमा
30 जून 2022 को अधिकतम 35 वर्ष
भेजें पूर्ण विवरण
सभी प्रतिभागी अपनी प्रविष्टि पूर्ण विवरण (नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी) के साथ उत्तरांचल प्रेस क्लब के पते पर डाक से या स्वयं आकर जमा करा सकते हैं। इसके अलावा प्रविष्टि प्रेस क्लब की ई-मेल आईडी पर भी भेजी जा सकती हैं, लेकिन इसके लिए स्टोरी, रिपोर्ट या छाया-चित्र को भी अटैच्ड करके भेजना होगा। आयु के प्रमाण के लिए आधार कार्ड अथवा हाईस्कूल के अंकपत्र की छाया प्रति अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।
ई-मेल : uttaranchalpressclub@gmail.com
डाक से भेजने का पता है- अध्यक्ष/महामंत्री, उत्तरांचल प्रेस क्लब, परेड मैदान, देहरादून (उत्तराखंड) पिन 248001)
नोट: पुरस्कार के लिए एक-एक सर्वोत्कृष्ट प्रविष्टि का चयन एक स्वतंत्र चयन समिति करेगी। क्लब पदाधिकारी या कार्यकारिणी का कोई भी सदस्य पुरस्कार हेतु प्रविष्टि नहीं भेज सकेगा। चयन समिति का निर्णय अंतिम एवं सभी को स्वीकार्य होगा।
क्लब सदस्यों के परिवार के बच्चों के लिए दो टूर कार्यक्रम
उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से सदस्य परिवारों के बच्चों के लिए जून माह में अलग-अलग दिन दो नॉलेज टूर आयोजित किए जा रहे हैं। एक विज्ञानधाम और दूसरा लच्छीवाला के लिए होगा। इसी क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस के दिन रविवार 5 जून को पहला ‘नॉलेज टूर’ आयोजित किया जा रहा है। क्लब के वरिष्ठ सदस्य राजीव उनियाल के संयोजन में ‘आंचलिक विज्ञान केंद्र (विज्ञान धाम), झाझरा’ के सहयोग से आयोजित इस टूर में बच्चों को विज्ञानधाम का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड स्टेट कौंसिल फ़ॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूकॉस्ट) के महानिदेशक डॉ. डोभाल बच्चों को प्रकृति, पर्यावरण और विज्ञान की बारीकियां समझायेंगे।
क्लब अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल और महामंत्री ओपी बेंजवाल के मुताबिक, जो भी सदस्य अपने बच्चों को इस टूर में भेजना चाहते हैं, वे 2 जून (वीरवार) शाम 5 बजे तक क्लब के कार्यालय प्रभारी सुबोध भट्ट जी के पास बच्चे का नाम, पता, उम्र, कक्षा और अपना नाम, सदस्य संख्या आदि का पंजीकरण अवश्य करवा लें। निर्धारित समय के बाद कोई पंजीकरण नहीं किया जाएगा और बिना पूर्व पंजीकरण के किसी को भी इसमें शामिल कर पाना सम्भव नहीं होगा।
अनिवार्य शर्तें
1- टूर में बच्चे के साथ उसके माता-पिता या दोनों में से किसी एक का शामिल होना अनिवार्य होगा।
2- टूर के दौरान बच्चों की ज़िम्मेदारी पूर्ण रूप से उनके माता-पिता की होगी। उत्तरांचल प्रेस क्लब किसी भी तरह इसके लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
3- टूर के लिए सदस्य को क्लब का अपना इस वर्ष का मेम्बरशिप कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा।
4- टूर में सिर्फ 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे ही शामिल किए जाएंगे।
5- जो सदस्य अपने वाहन से ही सीधे विज्ञानधाम पहुंचना चाहेंगे, उन्हें अपने पंजीकरण के साथ अपनी वाहन संख्या भी दर्ज करवानी होगी।
6- टूर के लिए सुबह 9 बजे क्लब परिसर से रवानगी होगी। अतः हर हाल में 8:45 बजे तक पंजीकृत सभी बच्चों को क्लब में एकत्र होना होगा।