Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 15, 2026

उत्तराखंड बीजेपीः जिसका नाम चर्चा में आया, वही हो जाता है सीएम की दौड़ से बाहर, वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली किया तलब

उत्तराखंड में 70 में से 47 सीटों के साथ भारी बहुमत प्राप्त करने वाली बीजेपी ने सीएम पद के लिए अभी पत्ते नहीं खोले हैं। हांलाकि, भीतर ही भीतर सीएम पद के दावेदार अपने पक्ष में लॉबिंग कर रहे हैं।

उत्तराखंड में 70 में से 47 सीटों के साथ भारी बहुमत प्राप्त करने वाली बीजेपी ने सीएम पद के लिए अभी पत्ते नहीं खोले हैं। हांलाकि, भीतर ही भीतर सीएम पद के दावेदार अपने पक्ष में लॉबिंग कर रहे हैं। साथ ही वे किसी भी सार्वजनिक बयान से बच रहे हैं। कारण वे भी जानते हैं कि सीएम के लिए जिसका भी नाम उछाला जाता है, वही दौड़ से बाहर हो जाता है। ऐसा बीजेपी कई बार कर चुकी है और सभी को चौंका चुकी है। वहीं, केंद्रीय नेतृत्व में उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली दरबार में तलब किया है। माना जा रहा है कि दिल्ली में सीएम को लेकर चर्चा की जाएगी। फिलहाल उत्तराखंड में सीएम की दौड़ में पुष्कर सिंह धामी ही आगे चल रहे हैं, लेकिन वह खुद अपनी सीट को नहीं बचा पाए और खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव हार गए। यही उनका कमजोर पक्ष हो सकता है। चर्चा यहां तक हो रही है कि इस बार किसी महिला को सीएम बनाया जा सकता है। इसमें पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी की बेटी और कोटद्वार से नवनिर्वाचित विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण का नाम चर्चा में है।
वहीं, विधायक दल के नेता के चयन में विलंब के कारण अन्य दावेदार भी अंदरखाने जोड़-तोड़ में जुट गए हैं। दावेदारों ने सार्वजनिक रूप से किसी भी तरह की बयानबाजी से बचते हुए दिल्ली में अपने-अपने संपर्कों को न सिर्फ सक्रिय किया हुआ है, बल्कि नेतृत्व तक अपनी बात भी पहुंचा रहे हैं। कुछ मंत्रियों और विधायकों की दिल्ली दौड़ को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।
उत्तराखंड को लेकर बीजेपी आज दिल्ली में अहम बैठक करेगी। भाजपा की इस बैठक में कार्यवाहक सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहेंगे। वहीं, सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उत्तराखंड के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को नियुक्त कर दिया गया।
उधर, पार्टी ने नव निर्वाचित विधायकों को होली के बाद दून आने की सलाह दी है। ऐसे में समझा जा रहा है कि 19 मार्च को केंद्रीय पर्यवेक्षक यहां पहुंचेंगे और इसी दिन या फिर अगले दिन भाजपा विधायक दल की बैठक हो सकती है। फिलहाल दिल्ली में हर नेता से बातचीत करके फीडबैक लिया जा रहा है। सोमवार को ही उत्तराखंड के बीजेपी सांसदों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि सांसदों से भी सीएम के लिए फीडबैक लिया गया है।