यूपी सरकार का फैसलाः हर रविवार को होगा लॉकडाउन, मास्क न लगाने पर एक से दस हजार रुपये जुर्माना

यूपी में लगातार बढ़ रहे कोरोना केस को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब हर जिले में हर रविवार को लॉकडाउन होगा। इसे साप्ताहिक बंदी का नाम दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया है कि सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को बंदी की जाए। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार दफ़्तर बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस दिन सभी जिलों के बाजारों में व्यापक स्तर पर सेनेटाइजेशन अभियान चलेगा।
साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य के लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। शुक्रवार को राज्य सरकार की तरफ से जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्रदेश में सभी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है।बिना मास्क अगर कोई पकड़ा जाता है तो उससे 1000 रुपए जुर्माना वसूला जाएगा और दूसरी बार भी पकड़े जाने पर 10 गुना अधिक जुर्माना लिया जाएगा यानि दूसरी बार बिना मास्क मिलने पर 10000 रुपए तक जुर्माना देना पड़ सकता है।
चिंता बढ़ा रहे हैं कोरोना के आंकड़े
गुरुवार को उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 22439 नए लोगों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई। यह अब तक एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। वहीं, इस घातक वायरस से 104 मरीजों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा 26 मरीजों की मौत राजधानी लखनऊ में हुई है। इसके अलावा, कानपुर नगर में 10 तथा प्रयागराज और वाराणसी में छह-छह मरीजों की मौत हुई है।



