पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता की फेसबुक आइडी हुई हैक, डीआइजी से मिलकर उठाया मुद्दा
दून वैली महानगर उधोग व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक, कांग्रेस नेता एवं कई बार के पार्षद रहे अशोक वर्मा की फेसबुक आइडी हैक हुई तो उन्होंने इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों के साथ डीआइजी एवं एसएसपी देहरादून अरुण मोहन जोशी से भेंट की। उन्होंने बताया कि ये मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी। इसमें बढ़ रहे साइबर अपराध पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही ऐसे अपराधियों पर शिकंजा कसने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि शहर के कई सम्मानित व्यक्तियों के फेसबुक अकाउंट हैक कर उनके रिश्तेदारों और मित्रों से पैसे मांगने का काम किया जा रहा है। कई बार लोग ऐसे हैकरों के झांसे में आ जाते हैं। इससे समाज में चिंता व्याप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई कर ऐसे गिरोह की पकड़ धकड़ की जानी चाहिये। जिससे होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
इस दौरान एसएसपी देहरादून अरुण मोहन जोशी ने बताया कि इन मामलो को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। गूगल को इन मामलों से संबंधित जानकारी निरंतर प्रदान की जा रही है। उन्होंने आमजन से भी इस तरह के मामलों में जागरूक रहने का अनुरोध किया। कहा कि वह अपनी निजी सूचनाएं किसी को भी किसी भी फोन कॉल पर या किसी भी प्रकार से साझा ना करें।
इस अवसर पर दून वैली महानगर उधोग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मेसोन ने बताया कि व्यापार मंडल शीघ्र बाजारों में पर्चे बांटकर इस संबंध में जागरूकता अभियान चलाएगा। ताकी जनता इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूक हो सके। किसी भी प्रकार के होने वाली धोखाधड़ी से बच सकें। व्यापार मंडल ने करोना काल के दौरान पुलिस की ओर से आमजन की मदद की सराहना की। कहा कि पुलिस ने एक उदाहरण पेश किया है। संकट के समय में पुलिस आम जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही। इस अवसर पर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हरीश वीरमानी, शेखर फुलारा, संरक्षक रवि मल्होत्रा, संयोजक जसपाल छाबड़ा वा अन्य व्यापारी उपस्थित थे ।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






