निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठे सवाल, देहरादून में महानगर कांग्रेस का पुतले की अर्थी के साथ प्रदर्शन, घंटाघर चौक पर दिया धरना, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
एसआईआर के विरोध में कांग्रेस का हमला जारी है। देहरादून में महानगर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय से घंटाघर चौक तक जुलूस निकाला। घंटाघर चौक पर ही कुछ देर तक धरना दिया गया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले की प्रतीकात्मक अर्थी भी जुलूस में शामिल की गई और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। मौके पर मौजूद अधिकारी को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
जुलूस में शामिलि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों एवं चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने प्रतीकात्मक अर्थी एवं पुतला दहन को रोकने का प्रयास किए। छीना झपटी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक संगठन का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को रोकने के प्रयास लोकतांत्रिक आवाज को कमजोर करने की कोशिश के रूप में देखे गए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखते हैं और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और मतदाता सूची की पारदर्शिता तथा चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है और करोड़ों मतदाताओं का विश्वास उसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर निर्भर करता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
ज्ञापन में विशेष रूप से SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने, हटाने तथा आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। डॉ. गोगी ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम उचित सत्यापन एवं सुनवाई का अवसर दिए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्राप्त फॉर्म-7 आवेदनों का विधानसभा एवं बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाए तथा असामान्य संख्या में फॉर्म-7 दाखिल करने वाले व्यक्तियों द्वारा की गई आपत्तियों की विशेष जांच कराई जाए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राजनीतिक दलों एवं आम मतदाताओं द्वारा उठाई गई निर्वाचन संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाना चाहिए तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ों एवं कार्रवाई को अधिकतम संभव सीमा तक सार्वजनिक किया जाना चाहिए। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित दोनों निर्वाचन आयुक्तों को पद से हटाने, उनके द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा/निरस्तीकरण तथा नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की मांग भी राष्ट्रपति महोदया के समक्ष रखी गई। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डॉ. गोगी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग स्पष्ट है कि SIR प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो, प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का अवसर मिले और किसी भी शिकायत का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए। लोकतंत्र में मतदाता का मत सर्वोच्च है और उसके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसे संवैधानिक संस्थान की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान होना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास कायम रहे। डॉ. गोगी ने कहा कि आज घंटाघर, देहरादून में विरोध दर्ज कराकर कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों से जुड़े सवालों पर उसकी आवाज लगातार बुलंद होती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मतदाताओं के अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता का मुद्दा लगातार उठाती रहेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस मौके पर मुख्य रूप से कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश एससी विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, प्रवीण त्यागी टीटू, नीनू सहगल, अर्जुन पासी, उर्मिला, सावित्री थापा, गुलशन सिंह, सुनील जयसवाल, जितेंद्र तनेजा, कुलदीप, सुनील, राहुल, गगन छाजर, संजय उनियाल, ललित बद्री राजेश पुंढिर, वीरेंद्र पंवार, अल्ताफ अहमद, सौरभ शर्मा, अमनदीप सिंह, जसविंदर सिंह मोटी, बलजीत सिंह, हेमंत मट्टा, दीपक मधवाल, आदर्श सूद आदि मौजूद थे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



