Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

June 29, 2026

जिस आटो चालक के घर जाने के लिए केजरीवाल ने किया था हंगामा, वह निकला मोदी भक्त, भगवे में आ रहा नजर

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिस आटो चालक के घर भोजन के लिए जाने के लिए गुजरात पुलिस से जूझना पड़ा और सड़क पर ही काफी देर तक हंगामा होता रहा, वह आटो चालक पीएम मोदी का प्रशंसक निकला। दो सप्ताह पहले अहमदाबाद में अपने घर पर बहुप्रचारित रात्रिभोज के लिए आटो चालक ने अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित किया था। इस पर जब केजरीवाल उसके आटो पर बैठकर जाने लगे तो गुजरात पुलिस ने उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से रोक दिया था। इस पर सड़क पर काफी हंगामा होता रहा। अब केजरीवाल को आमंत्रित करने वाले ऑटोरिक्शा चालक विक्रम दंतानी ने यू-टर्न लेते हुए शुक्रवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कट्टर समर्थक हैं। दंतानी को शुक्रवार को शहर के थलतेज इलाके में मोदी की एक सार्वजनिक रैली में भगवे रंग का पटका रखे और टोपी पहने देखा गया। मोदी दो-दिवसीय गुजरात यात्रा पर हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मीडिया द्वारा पूछे जाने पर दंतानी ने कहा कि उन्होंने 13 सितंबर को अहमदाबाद के टाउन हॉल में आम आदमी पार्टी (आप) की बैठक के दौरान केजरीवाल को अपने घर आमंत्रित किया था, क्योंकि उन्हें एक ऑटोरिक्शा यूनियन के नेताओं ने ऐसा करने के लिए कहा था। दंतानी तब सुर्खियों में आए जब आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल बैठक में रात्रिभोज का निमंत्रण स्वीकार करने के बाद ऑटोरिक्शा में बैठकर दंतानी के घर गये थे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

दंतानी ने कहा कि मैंने केजरीवाल को रात के खाने के लिए आमंत्रित किया था, क्योंकि मुझे हमारे यूनियन के नेताओं द्वारा ऐसा करने के लिए कहा गया था। जैसे ही मैंने उन्हें अपने घर पर भोजन की मेजबानी करने की पेशकश की, केजरीवाल ने इसे स्वीकार कर लिया। मुझे नहीं पता था कि यह इतना बड़ा मुद्दा बन जाएगा, जबकि मैं पार्टी (आप) से बिल्कुल भी जुड़ा नहीं हूं। मैं उस घटना के बाद आप के किसी नेता के संपर्क में नहीं हूं। ऑटोरिक्शा चालक ने आगे कहा कि वह प्रधानमंत्री के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और उन्होंने हमेशा भाजपा को वोट दिया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

दंतानी ने कहा कि मैं यहां (रैली के लिए) आया हूं। क्योंकि मैं मोदीजी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मैं शुरू से ही भाजपा के साथ रहा हूं और मैंने हमेशा अपना वोट भाजपा को दिया है। मैं यह किसी दबाव में नहीं कह रहा हूं। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात में आप के अभियान के तहत केजरीवाल ने 13 सितंबर को यहां ऑटोरिक्शा चालकों के साथ टाउन हॉल में बैठक की थी। बातचीत के दौरान, दंतानी ने केजरीवाल से अपने घर पर रात का खाना खाने का आग्रह किया था और इस प्रस्ताव को दिल्ली के मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकार कर लिया था।