आनलाइन शापिंग के दौरान हुई धोखाधड़ी, खाते से उड़े एक लाख चार हजार, साइबर क्राइम सेल ने वापस दिलाई राशि

उत्तराखंड में साइबर क्राइम सेल ने आनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें ठगी गई राशि वापस दिला दी। इस संबंध में देहरादून के गुनियाल गांव निवासी रमन कुमार ने 19 दिसंबर को साइबर क्राइम सेल में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ठगी की यह राशि एक लाख चार हजार रुपये है।
बताया गया कि उन्होंने आनलाइन शापिंग में ट्रांजेक्शन न होने पर गूगल से कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्होंने कॉल किया और एटीएम कार्ड की डिटेल पूछने के साथ ही ओटीपी की जानकारी भी ले ली। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन से एक लाख चार हजार रुपये निकाल लिए।
इस मामले में साइबर क्राइम सेल की ओर से संबंधित पेंमेंट गेटवे फोन पे से पत्राचार कर रमन कुमार की सम्पूर्ण धनराशि एक लाख चार हजार रुपये उनके खाते में वापस दिला दी। आज रमन कुमार ने साइबर क्राइम सेल देहरादून के कार्यालय पहुंचकर टीम की इस टीम की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
साइबर सेल की अपील
आप सभी से निवेदन है कि किसी अज्ञात व्यक्ति के कॉल और मैसेज से सावधान रहें। किसी को भी अपना पासवर्ड, ओटीपी, सीसीवी शेयर ना करें। अन्जान लिंक, ऑनलाइन जॉब ऑफर से संबंधित लिंक पर क्लिक ना करें। अन्जान क्यूआर कोड स्कैन ना करें। सोशियल मीडिया अकाउंट में प्राइवेसी लाई जाए।




