उत्तराखंड के सरकारी और निजी स्कूलों में 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित

कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए उत्तराखंड के सरकारी और निजी स्कूलों में भी 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसको लेकर शिक्षा सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने महाविद्यालयों के लिए भी ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा करने के निर्देश सचिव को दिए थे।
उच्च शिक्षा विभाग ने कोरोना की दूसरी लहर देखते हुए तय समय से तकरीबन महीनाभर पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया था। अब शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने भी इस दिशा में पहल करते हुए शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने राज्य के सारे शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों (डे-बोर्डिंग) में 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा के आदेश जारी किए हैं। इसमें साफ कहा गया है कि यदि कोई निजी विद्यालय छात्रहित में ऑनलाइन के माध्यम से अध्यापन कार्य संपादित करना चाहते हैं तो अपनी सुविधानुसार कक्षाएं संचालित कर सकते हैं।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में कोरोना कहर बनकर टूट रहा है। हर दिन नए संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सात मई की शाम स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 24 घंटे के भीतर सर्वाधिक 9642 नए संक्रमित मिले। वहीं, 137 लोगों की कोरोना से मौत हुई। गुरुवार छह मई को 8517 संक्रमित मिले थे। इसी दिन सर्वाधिक 151 लोगों की मौत सोमवार तीन मई को हुई थी। अब तक एक दिन में नए संक्रमितों के मामले में ये लगातार दूसरी बार है जब आठ हजार का आंकड़ा एक दिन में पार हो चुका है। वहीं, पहली बार नौ हजार का आंकड़ा आज पार हुआ है। यदि टीकाकरण की बात की जाए तो शुक्रवार को 650 केंद्र में 35771 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। वहीं, कंटेनमेंट जोन बढ़कर 362 हो गए हैं। यहां एक तरीके से पूर्ण लॉकडाउन है।
उत्तराखंड में शुक्रवार को 4643 लोगों ने कोरोना को मात दी। वहीं, एक्टिव केस 67691 हो गए हैं। अब उत्तराखंड में कुल संक्रमितों की संख्या 229993 हो गई है। इनमें से 154132 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कुल 3430 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को भी देहरादून में सर्वाधिक 3979 नए संक्रमित मिले। नैनीताल में 1342, उधमसिंह नगर में 1286, हरिद्वार में 768, उत्तरकाशी में 531, अल्मोड़ा में 365, टिहरी में 325, चमोली में 314, चंपावत में 214, पौड़ी में 196, बागेश्वर में 117, पिथौरागढ़ में 111, रुद्रप्रयाग में 94 संक्रमित मिले।



