राज्य आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार योगेश भट्ट बने उत्तराखंड के सूचना आयुक्त
उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार एवं राज्य आंदोलनकारी योगेश भट्ट को धामी सरकार ने सूचना आयुक्त बनाया है। इस संबंध में प्रभारी सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। ये आदेश 25 नवंबर को जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बनी चयन समिति ने शासन को प्राप्त आवेदनों के आधार पर उनका चयन किया है। समिति में नेता प्रतिपक्ष यशपाल और कैबिनेट मंत्री चन्दनराम दास शामिल हैं। योगेश भट्ट उत्तराखंड राज्य आन्दोलन में भी काफी सक्रिय रहे। राज्य आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ करीब एक दर्जन मुकदमें भी दर्ज किए गए और वह 33 दिन जेल भी रहे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)बैंक कालोनी अजबपुर कलां देहरादून निवासी योगेश भट्ट की गिनती सक्रिय राज्य आंदोलनकारियों में की जाती है। साथ ही वह पत्रकारिता के क्षेत्र में भी जाने पहचाने नाम हैं। कई बड़े प्रिंट मीडिया में उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के दौरान उनकी पहचान एक आरटीआइ कार्यकर्ता के रूप में भी रही। वह सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत विभिन्न मामलों की जानकारी लेते रहे और फिर उस मुद्दे पर स्टोरी फाइल करते रहे। अब इसी मुद्दे को लेकर वह आरटीआइ कार्यकर्ताओं की सेवा करेंगे। वह उत्तरांचल प्रेस क्लब में अध्यक्ष और महामंत्री जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। उनकी इस नियुक्ति से पत्रकार जगत में भी खुशी का माहौल है।




