बड़े इवेंट से पहले आतंकी घटनाओं का साया, उदयपुर में रेल ट्रेक पर ब्लास्ट, पटरी को नुकसान, ग्रामीणों की सतर्कता से टला हादसा
जब भी कोई बड़ा इवेंट हो तो आतंकवादी घटनाओं का साया भी मंडराने लगता है। अगले साल राजस्थान के उदयपुर में जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन है। ये अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा इवेंट है। वहीं, इन दिनों गुजरात में विधानसभा चुनावों की प्रक्रिया चल रही है। प्रचार अभियान जोरों पर है। ऐसे में राजस्थान में आतंकी घटना की साजिश रची गई। जो ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। उदयपुर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जैसे ही धमाके की आवाज सुनी तो उन्होंने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद इस साजिश को नाकाम किया गया। रेलवे ट्रैक पर से कई नट-बोल्ट भी गायब मिले। ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)उदयपुर सलूम्बर मेघा हाइवे पर ओडा पुल के पास रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त की घटना हुई। ट्रैक से ये शरारत शनिवार रात की बताई जा रही है। ट्रैक के स्थानों से नट-बोल्ट गायब भी मिले। पटरी के बीच लगी लोहे की प्लेट भी उखड़ी हुई मिली। पास ही रहने वाले ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने देर रात पुल पर धमाके की आवाज भी सुनी थी। बताया जा रहा है कि धमाके से करीब 4 घंटे पहले ही यहां से एक ट्रेन गुजरी थी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
रविवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही उदयपुर संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट , जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा व एसपी विकास कुमार शर्मा भी मौका मुआयना करने पहुंचे। इस बीच अहमदाबाद से उदयपुर आ रही ट्रेन को डूंगरपुर में रोका गया। रेलवे प्रबंधक ने इस लाइन पर चलने वाली दोनों ट्रेनों को फिलहाल रोक दिया है। घटना शनिवार देर रात सलूंबर मार्ग पर केवड़े की नाल में आढो रेलवे पुल पर घटी। बता दे कि उदयपुर अहमदाबाद ट्रेन की शुरुआत पीएम नरेन्द्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2022 को असारवा स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर की थी। इस ट्रैक के लिए 16 साल लंबा इंतजार करना पड़ा था।



