पीएम मोदी का देहरादून दौरा आज, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूछे जनता के सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को देहरादून के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की कुल लागत 11,963 करोड़ है। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी प्रधानमंत्री लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा उनके रोड शो और अन्य कार्यक्रम भी हैं। पीएम मोदी से देहरादून दौरे से पहले उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दस बिंदुओं पर सीधे जवाब मांगा। ये प्रेस वार्ता देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित की गई। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले में भाजपा के दिग्गज नेताओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन तीन से चार महीने बीतने के बावजूद जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है। सीबीआई जांच का आधार अंकिता के माता-पिता की शिकायत को न बनाकर किसी तीसरे व्यक्ति की शिकायत को क्यों बनाया गया? (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने राज्य में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब पहाड़वासी लगातार वन्य जीवों के आतंक का सामना कर रहे हैं, प्रधानमंत्री बताएं कि राज्य की सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है? गोदियाल ने प्रधानमंत्री के 2017 के उस बयान की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी उत्तराखंड के काम आएगी। उन्होंने सवाल किया कि राज्य के युवाओं के लिए सरकार ने अब तक कौन-कौन सी प्रभावी योजनाएं लागू की हैं, जबकि हकीकत यह है कि नशाखोरी बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य खतरे में है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उत्तराखंड अब इन मामलों के लिए बदनाम होता जा रहा है। साथ ही, उपनल कर्मचारियों को लेकर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों के बावजूद राज्य सरकार उनके नियमितीकरण से बचने के बहाने खोज रही है। शिक्षा के मुद्दे पर गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 886 स्कूल बंद हो चुके हैं, जो चिंताजनक है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में 55 नई शराब की दुकानों के खुलने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्या सरकार के पास राजस्व बढ़ाने के लिए सिर्फ खनन और शराब ही विकल्प रह गए हैं? कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड महिला अपराध में नंबर वन राज्य बन गया है, राज्य में महिलाएं, बच्चे, पत्रकार, पूर्व सैनिक—कोई भी सुरक्षित नहीं है। दिनदहाड़े हत्याएं और अपराध हो रहे हैं और सत्ताधारी दल के लोगों पर भी गंभीर आरोप लग रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घरेलू गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर होटल और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराना जरूरी है, अन्यथा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होगा। गोदियाल ने कहा कि मैं केवल एक पोस्टमैन हूं। ये सवाल मेरे नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के हैं। कांग्रेस पार्टी मुख्य विपक्षी दल होने के नाते अपना दायित्व निभा रही है और जनता की आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचा रही है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रेस वार्ता का संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया। प्रेस वार्ता में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रवक्ता राजेश चमोली एवं अभिनव थापर मौजूद रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


