चुनाव रैलियों की भरमार और उत्तराखंड में कोरोना ने कर दिया कबाड़ा, नए संक्रमितों में अप्रत्याशित उछाल
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दलों की रैलियों में जुट रही भीड़ ने एक बार फिर से कोरोना को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिक्कत तो ये है कि कोई भी दल का नेता न तो खुद मास्क लगा रहा है और न ही मौजूद भीड़ को ही मास्क लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है। सीएम से लेकर दूसरे दलों के भी सारे नेता बगैर मास्क के ही भीड़ मचा रहे हैं। ऐसे में कोरोना ने भी कबाड़ा करना शुरू कर दिया है। बुधवार एक दिसंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 53 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले मंगलवार को 28 नए संक्रमित मिले थे। राहत की बात ये है कि इस अवधि में किसी की मौत नहीं हुई। ये लगातार दूसरा दिन है, जब किसी की प्रदेश में कोरोना से मौत नहीं हुई। वहीं, दो जिले बागेश्वर और रुद्रप्रयाग कोरोना से मुक्त हैं। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो बुधवार को 909 केंद्रों में 60179 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। कोरोना सैंपलिंग में सुधार हुआ है और बुधवार को 16629 सैंपल लिए गए। एक दिन पहले मंगलवार 12436 लोगों के सैंपल लिए गए थे।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.12.01 Health Bulletin
अब तक कुल 7408 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 344303 हो गई है। इनमें से 330557 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 11 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 141 से बढ़कर 183 हो गई है। अब तक प्रदेश में कुल 7408 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96.01 फीसद है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।




