उत्तराखंड में 13वें दिन भी नहीं हुई कोरोना से कोई मौत, नए संक्रमितों में उतार चढ़ाव, पांच अक्टूबर तक बढ़ाया कर्फ्यू
उत्तराखंड में नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव जारी है। हालांकि, इनकी संख्या मामूली है। साथ ही लगातार 13वें दिन भी किसी मरीज की कोरोना से मौत नहीं हुई। सोमवार 20 सितंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 11 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले रविवार 19 सितंबर को मात्र छह नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो सोमवार को 1077 केंद्रों में 74572 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। सोमवार को 16075 लोगों के सैंपल लिए गए। एक दिन पहले रविवार को 12158 लोगों के सैंपल लिए गए थे। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू की अवधि 21 सितंबर की सुबह छह बजे से बढ़ाकर पांच अक्टूबर की सुबह तक कर दी गई है।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
अब तक कुल 7390 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343393 हो गई है। इनमें से 329651 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 17 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 267 है। अब तक प्रदेश में कुल 7390 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96 फीसद है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
ब्लैक फंगस से राहत
उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के नए केस कम मिल रहे हैं। सोमवार को ब्लैक फंगस का एक भी केस नहीं मिला। किसी मरीज की मौत नहीं हुई। दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 581 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 132 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 353 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
पढ़ेंः उत्तराखंड में 15 दिन के लिए बढ़ाया गया कोविड कर्फ्यू, नहीं किए गए कोई बदलाव, देखें पूरी एसओपी




