चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर हादसे सरकार की घोर लापरवाही का परिणाम: करन माहरा
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने केदारनाथ घाटी में बीते 40 दिनों में पांचवां हेलीकॉप्टर हादसा होने पर गहरी चिंता और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल हादसा नहीं, बल्कि सरकार की लापरवाही और संवेदनहीनता का प्रतीक है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
माहरा ने कहा कि चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर सेवाएं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई जाती हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसके संचालन में किसी भी सुरक्षा मानक का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि हर हादसे के बाद सरकार एक “रूटीन जांच समिति” बनाकर मामले को दबा देती है, लेकिन जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। साथ ही कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रद्धालुओं की जान की कोई कीमत इस सरकार के लिए नहीं रह गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पढ़ेंः केदारनाथ धाम से फाटा जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, सात लोगों की मौत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि ये हादसे सिर्फ तकनीकी चूक नहीं हैं, ये सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता करने का नतीजा हैं। माहरा ने दिवंगत श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस गंभीर मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी। आस्था के मार्ग को लापरवाही की कब्रगाह नहीं बनने देंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
माहरा ने लगाए ये आरोप
● एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पूरी तरह फेल है।
● खराब मौसम में उड़ानों की अनुमति दी जा रही है।
● पायलट और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोई मानक व्यवस्था नहीं है।
माहरा ने सरकार से की ये मांग
1. चारधाम यात्रा में हेलीकॉप्टर संचालन की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
2. हेलीकॉप्टर कंपनियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
3. मौसम, तकनीक और पायलट ट्रेनिंग के मुद्दों पर सख्त दिशा-निर्देश जारी हों।
4. हेलीकॉप्टर सेवाओं को नियमित करने के लिए स्थायी ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की दुरुस्त व्यवस्था की जाए।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



