Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 22, 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश से आफत, आपदा से अब तक 43 मौत, 85 सड़कें बंद, पांच दिन तक येलो अलर्ट

उत्तराखंड में अगस्त माह में भी ऐसी बारिश हो रही है, जैसा पहले जुलाई माह में होती थी। अगस्त माह में तो मानसून कमजोर पड़ने लगता था। इस बार ऐसा नहीं हो रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल गरज के साथ बरस रहे हैं। नदी और नाले उफान पर हैं। पर्वतीय जिलों में भूस्खलन के चलते सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं। वहीं, नदी और नालों का जल स्तर बढ़ने से भी इनसे सटे इलाकों में नुकसान हो रहा है। फिलहाल आज शनिवार 22 अगस्त की सुबह से ही राजधानी देहरादून में बादल छाए हुए हैं। किसी भी समय बारिश के दौर शुरू हो सकते हैं। ऐसी स्थिति आसपास के इलाकों की भी है। यदि तापमान की बात करें तो देहरादून में इसमें पिछले दिनों के मुकाबले गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन नमी के चलते उमस लोगों को परेशान कर रही है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आपदा से अब तक का नुकसान
उत्तराखंड में आपदा से नुकसान की बात करें तो हम राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की 21 अगस्त की शाम छह बजे की रिपोर्ट का हवाला दे रहे हैं। इसके अनुसार, इस साल एक अप्रैल से लेकर 21 अगस्त तक आपदा से कुल 43 लोगों की मौत हुई है। इनमें 10 लोगों की मौत वन्य जीव संघर्ष में हुई। वहीं, कुल 46 घायलों में आठ घायल वन्य जीव संघर्ष के हैं। एक व्यक्ति लापता है। आपदा के चलते बड़े मवेशी 51 और छोटे पशु व पालतू पक्षी 722 मारे गए। 936 मकान आंशिक, 50 मकान कठोर रूप से और 16 मकान पूर्ण रूप से इस अवधि में ध्वस्त हुए हैं। यदि सड़कों की बात करें तो 81 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें एक एनएच (बीआरओ), तीन एचएच, आठ पीडब्ल्यूडी, 73 पीएमजीएसवाई और आरडब्ल्यूडी की सड़कें हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज शनिवार 22 अगस्त से लेकर 28 अगस्त तक राज्य के जिलों में अनेक या कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन और बौछार के साथ संभावित है। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर अधिक रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में सामान्य से काफी अधिक रहा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

पांच दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्यभर के जिलों में पांच दिन का येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि कहीं कहीं भारी बारिश होगी। कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है। कहीं बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों के समीप रहने वालों को सावधान रहने की जरूरत है। साथ ही सावधानीपूर्वक यात्रा करने की सलाह दी गई है। नदी और नालों के समीप रहने वालों को सचेत रहने को कहा गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

देहरादून का तापमान
शनिवार 22 अगस्त की सुबह पौने 11 बजे तक देहरादून का तापमान अनुमानिति अधिकतम सीमा 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है। 23 से 29 अगस्त तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 28, 29, 30, 30, 28, 28, 28 डिग्री रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23, 23, 24, 24, 23, 24, 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। 29 अगस्त तक देहरादून में अधिकांश दिन बारिश की संभावना है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।