उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, सात जिलों में बाढ़ का अलर्ट, दून में नाले में गिरने से दो बच्चियों की मौत, जानिए मौसम का पूर्वानुमान
उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल गरज के साथ बरस रहे हैं। नदी और नालों का जल प्रवाह बढ़ा हुआ है। पर्वतीय क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन के चलते सड़कें बार बार अवरुद्ध हो रही हैं। इस बीच एक बुरी खबर ये आई कि देहरादून के क्लेमनटाउन क्षेत्र में नाले में गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर के आगे बह रहे नाले में 30 जुलाई की दोपहर को दो सगी बहनें तीन साल की सोनाक्षी और सात साल की लक्ष्मी गिर गई। दोनों को जब तक बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आज शुक्रवार 31 जुलाई को सुबह से ही राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। हालांकि, देहरादून शहर में फिलहाल सुबह से बारिश थमी हुई है। वहीं, मौसम विभाग की ओर से 31 जुलाई को बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने शुक्रवार को एक से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम विज्ञान विभाग ने फ्लैश फ्लड का जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ क्षेत्रों में 31 जुलाई को भारी वर्षा के कारण जलभराव तथा फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को सक्रिय रखने, मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोलने तथा पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, BRO सहित सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 31 जुलाई से लेकर छह अगस्त तक राज्य के जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गर्जन और बौछार के साथ जारी रह सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने सलाह दी है कि बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही नदी नालों के समीप रहने वालों को भी सचेत रहने को कहा गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का येलो अलर्ट
राज्य मौसम विभाग देहरादून के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान मैदानी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग ने राज्य के जिलों में 31 जुलाई से लेकर छह अगस्त तक राज्य के जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट है। बारिश के दौरान कई स्थानों पर तीव्र से अति तीव्र दौर की भी संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून के तापमान में रहेगा उतार चढ़ाव
शुक्रवार 31 जुलाई की पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे तक देहरादून का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। एक अगस्त से लेकर सात अगस्त तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 28, 29, 28, 27, 27, 25, 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान एक से चार अगस्त तक 24 डिग्री, पांच से सात अगस्त तक 23 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



