पूर्व सीएम खंडूड़ी का निधनः राज्य में तीन दिन राजकीय शोक, आज सार्वजनिक अवकाश, विभिन्न दलों और संगठनों ने जताया शोक
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन के कारण 19 मई से 21 मई तक राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। साथ ही राज्यभर में आज 20 मई के लिए राज्य सरकार ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। अंत्येष्टि आज 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ हरिद्वार में सम्पन्न होगी। वहीं, पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों की ओर से शोक सभाएं की जा रही हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
वहीं भाजपा परिवार अपने नेता और मार्गदर्शक पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी को उनके निधन पर कल 20 मई, श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि प्रातः 10 बजे दिवंगत खंडूरी जी का पार्थिव शरीर देहरादून में बलबीर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में लाया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं आम लोग उनका अंतिम दर्शन करेंगे और भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे। इसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर अपनी अंतिम यात्रा को प्रस्थान करेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पढ़ेंः उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
सीएम धामी ने दी खंडूड़ी परिवार को सांत्वना
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित बसंत विहार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री धामी सीधे स्वर्गीय खंडूड़ी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय खण्डूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को प्राप्त हो रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय खंडूड़ी की पुत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी सहित अन्य परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
खंडूड़ी जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखदः गणेश गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय परिवहन मंत्री मेज.जन. (रि) भुवन चन्द्र खंडूड़ी जी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति सांत्वना प्रकट की है। अपने शोक संदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मेज. जन. भुवन चन्द्र खंडूड़ी का आकस्मिक निधन प्रदेश एवं देश की अपूरणीय क्षति है। उनका पूरा जीवन देश सेवा एवं समाज सेवा को समर्पित रहा है। भारतीय सेना में उच्च पद से लेकर केंद्र सरकार में मंत्री, पांच बार के सांसद तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में देश एवं प्रदेश के उत्थान के लिए उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उनका असमय चले जाना हम सबके लिए असीमित दुःख का विषय है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पूर्व मुख्यमंत्री मेज. जन. भुवन चन्द्र खंडूरी के आकस्मिक निधन पर विधायक लखपत सिंह बुटोला, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, राजेश चमोली, पूर्व प्रमुख प्रदीप थपलियाल, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्र मोहन खर्कवाल, अखिलेश उनियाल, प्रशांत खंडूरी, ब्लाक अध्यक्ष ललित भद्री, अश्विनी बहुगुणा, जगदीश धीमान आदि ने भी गहरा शोक प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दी भावभीनी श्रद्धांजलिदुनिया को अलविदा कह स्वर्ग सिधारे पूर्व केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को प्रदेश कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि देने एआईसीसी सदस्य व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना उनके निवास स्थान पहुंचे व दिवंगत नेता को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके सुपुत्र मनीष खंडूड़ी, दिवंगत खंडूरी जी की धर्मपत्नी व अन्य शोकाकुल परिजनों से मिलकर उनको सांत्वना दी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात खंडूड़ी जी के आवास पर एकत्रित पत्रकारों से बातचीत में धस्माना ने कहा कि दिवंगत नेता से उनके परिवारिक रिश्ते रहे हैं। क्योंकि स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी जी की माताजी स्वर्गीय दुर्गा खंडूड़ी स्वर्गीय एचएन बहुगुणा की सगी बहन थीं। उस नाते वह उन्हें बुआ जी बुलाते थे। धस्माना ने कहा कि सेना में मेजर जनरल तक का उनका एक सैनिक के रूप में शानदार सफर रहा। वह राजनीति में जब आए तो एक सांसद, केंद्री मंत्री व मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने अपनी कर्मठता अनुशासन व प्रशासनिक क्षमताओं से यहां भी अलग छाप छोड़ी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कांग्रेस नेता धस्माना ने कहा कि जब भी वे खंडूड़ी जी के पास किसी जनहित के कार्य के लिए गए तो कभी उन्होंने यह एहसास नहीं होने दिया कि वे भाजपा सरकार के मुखिया हैं और कांग्रेस नेता के की ओर से की गई मांग पर क्यों गौर करें। धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड ने एक कद्दावर ईमानदार नेता खो दिया है और लंबे समय तक उत्तराखंड की राजनीति में इस जगह को भरना कठिन होगा। धस्माना ने कहा कि वे प्रदेश के लाखों कांग्रेसजनों की ओर से दिवंगत खंडूड़ी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
गढ़वाल सभा में शोक सभा आयोजित
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेनि) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर देहरादून में अखिल गढ़वाल सभा द्वारा सभा भवन में शोक संवेदना व्यक्त की गई। इस मौके पर सभा के अध्यक्ष रोशन धस्माना व महासचिव गजेंद्र भंडारी ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी जी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ गढ़वाल सभा के सम्मानित संरक्षक भी रहे। इस अवसर पर प्रवक्ता अजय जोशी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र असवाल, सहसचिव संतोष गैरोला के अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्य भी उपस्थित रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


