सात बार सांसद रह चुके दादरा नगर हवेली के सांसद मोहन ढेलकर का शव होटल में मिला, मिला सुसाइड नोट

दादरा नगर हवेली के सांसद मोहन संजीभाई (58 वर्षीय) का शव मुंबई में मरीन ड्राइव के होटल सी ग्रीन में मिला है। गुजराती में लिखा उनका सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं कि उनकी मौत की वजह क्या रही।
मुंबई पुलिस ने एक अधिकृत बयान में कहा है कि दादरा एवं नगर हवेली के सांसद मोहन संजीभाई ढेलकर का शव जिस होटल में मिला है, वह मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन के दायरे में आता है। जांच जारी है। मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगा।
सात बार लोकसभा सांसद रहे ढेलकर ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत सिलवासा में ट्रेड यूनियन लीडर के तौर पर शुरू की थी। उन्होंने 1985 में आदिवासी विकास संगठन की स्थापना की। वर्ष 1989 में वह पहली बार दादरा नगर हवेली से लोकसभा के लिए निर्दलीय सांसद के तौर पर चुने गए।
वर्ष 1991 और 1996 का चुनाव उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जीता। 1998 में वह बीजेपी के टिकट पर लोकसभा पहुंचे। ढेलकर ने 1999 में निर्दलीय और 2004 में भारतीय नवशक्ति पार्टी के चिन्ह पर लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की। 2020 में वह जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो गए।
ढेलकर ने गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में आदिवासियों के अधिकारियों की लड़ाई के लिए भारतीय नवशक्ति पार्टी स्थापना की थी. पार्टी की स्थापना के पहले वह पप्पू यादव के जन अधिकार मंच से भी जुड़े रहे। वर्ष 2000 में बीएनपी ने दादरा एवं नगर हवेली में पंचायत चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ा। गठबंधन ने 12 में से 10 सीटें जीतीं। हालांकि 2009 के चुनाव के पहले उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय करा दिया। 2019 में उन्होंने खुद को कांग्रेस से अलग कर लिया और एक स्वतंत्र राजनेता के रूप में चुने गए।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



