कोरोना वॉरियर्स ने किया सचिवालय कूच, पुलिस ने रास्ते पर रोका, आप ने भी दिया साथ
उत्तराखंड में कोरोनाकाल में आउटसोर्स के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं देने वाले कोरोना वॉरियर्स अब नौकरी से हटाए जाने के खिलाफ धरना दे रहे हैं। आज कर्मियों ने एकता विहार से सचिवालय के लिए कूच किया।
उत्तराखंड में कोरोनाकाल में आउटसोर्स के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं देने वाले कोरोना वॉरियर्स अब नौकरी से हटाए जाने के खिलाफ धरना दे रहे हैं। आज कर्मियों ने एकता विहार से सचिवालय के लिए कूच किया। उनके इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन किया और कार्यकर्ता जुलूस में शामिल हुए।गौरतलब है कि कोविडकाल में स्टाफ की कमी को देखते हुए सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में स्टाफ नर्स, फार्मेसिस्ट, लैब टेक्नीशियन, ओटी टेक्निीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन, कंप्यूटर आपरेटर, वाहन चालक, वार्ड अटेंडेंट आदि को आउटसोर्स पर रखे जाने की व्यवस्था की थी। इसी कड़ी में दून मेडिकल कॉलेज में भी उपनल के माध्यम से 462 उपनल कर्मियों की नियुक्ति की गई थी। उन्हें समय और आवश्यकतानुसार रखा गया था। अब कर्मचारियों को हटाया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि जब कोविड में जिदंगी संकट में थी तो उन्हें रखा गया उनसे काम लिया गया, लेकिन अब जरुरत खत्म होते ही उन्हें हटाया गया है। देहरादून में एकता विहार में ये कर्मी धरना दे रहे हैं।
आज आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आप पार्टी पदाधिकारियों ने सहस्त्रधारा रोड स्थित एकता विहार पहुंचकर कोरोना फ्रंट लाईन वर्कर्स को अपना समर्थन दिया। जोत सिंह बिश्ट ने सभी वर्कर्स की मांगों को जायज बताते हुए राज्य की बीजेपी सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि बीजेपी सरकार अहंकारी सरकार है। जो लगातार बेरोजगारों के उत्पीडन पर आमादा है।
उन्होंने आगे कहा कि कैबिनेट से इनत माम बेरोजगारों को को उम्मीदें थी, लेकिन सरकार ने इस बाबत कैबिनेट में कोई फैसला नहीं लिया। इससे तमाम फ्रंट लाईन वर्कर्स में रोष है। अब ये बेरोजगार अकेले नहीं हैं। आप पार्टी का हर कार्यकर्ता इन लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खडा है। इनकी मांगें पूर्ण होने तक आप पार्टी इन लोगों को अपना सहयोग जारी रखेगी।
एकता विहार स्थित धरना स्थल से कोरोना वॉरियर्स ने सचिवालय के लिए जुलूस निकाला। सहस्त्रधारा क्रासिंग के पास बेरीकेडिंग लगाकर पुलिस ने उन्हें रोक दिया गया। इस दौरान प्रदर्शन में आप नेता रविन्द्र आनंद, उमा सिसोदिया, डिंपल सिंह, नितिन जोशी, आजाद अली, मुकेश पांडे, सतीष शर्मा, आरती राणा आदि लोग शामिल रहे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






