सीएम धामी के साथ ही मंत्रिमंडल ने किया प्रदेश की जनता का धन्यवाद, दोहराया सरकार का संकल्प
सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड सरकार के मंत्रिमण्डल ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रचण्ड बहुमत का जनादेश प्रदान करने पर उत्तराखंड राज्य की जनता का धन्यवाद व्यक्त किया है।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं, राज्यपाल ने नई सरकार के शपथ ग्रहण करने तक उन्हें ही कार्यवाहक सीएम बने रहने को कहा। वहीं, इससे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड सरकार के मंत्रिमण्डल ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रचण्ड बहुमत का जनादेश प्रदान करने पर उत्तराखंड राज्य की जनता का धन्यवाद व्यक्त किया है। विधान सभा सामान्य निर्वाचन में भारी बहुमत मिलने पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व के लिए भी हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया है।मुख्यमंत्री धामी एवं मंत्रिमण्डल के सदस्यों ने उत्तराखण्ड में संचालित हो रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं परियोजनाओं के सफल संचालन के लिये प्रधानमंत्री मोदी एवं भारत सरकार को धन्यवाद दिया है। भारत सरकार द्वारा राज्य में चारधाम सड़क परियोजना, चारधाम रेल नेटवर्क, श्रीकेदारनाथ पुनर्निर्माण परियोजना, भारतमाला सड़क परियोजना सहित प्रदेश हित में एक लाख करोड़ से अधिक धनराशि की विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति देने एवं उन्हें प्रारंभ करने हेतु भी आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जन कल्याणार्थ राज्य में संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने के लिए मंत्रिमंडल के सहयोगियों, विधायकगणों, प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य बनाने के संकल्प को पूरा करेंगी।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



