बीजेपी का एक और ऑडियो हुआ वायरल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे पुलिस थाने, रुपये बांटने का आरोप, जांच की मांग
उत्तराखंड में एक बार फिर से एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसे भी बीजेपी नेता का बताया जा रहा है। इसमें करोड़ों रुपये बांटने की बात की गई। साथ ही महिला से अश्लील बातें की जा रही हैं। ऑडियो श्रीनगर गढ़वाल क्षेत्र के बीजेपी नेता का बताया जा रहा है। इस पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्रीनगर प्रत्याशी गणेश गोदियाल पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने ऑडियो की सत्यता की जांच की मांग की। भाजपा के जिस नेता का यह ऑडियो बताया जा रहा है, उसने भी पुलिस में शिकायत की है। इससे पहले बीजेपी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री का भी ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें वे महिला से नौकरी लगाने के बात कर रहे थे और उससे अश्लील बातें करते सुनाई दे रहे थे।वायरल ऑडियो में महिला की एक शख्स से बात हो रही है। इसमें वह चुनाव में रुपये बांटने का जिक्र कर रहे हैं। इसी ऑडियो के आखिर में दोनों में अश्लील बातें भी हो रही हैं। ऑडियो सामने आने के बाद से श्रीनगर में सियासी तूफान खड़ा हो गया है। हालांकि कहा जा रहा है कि यह ऑडियो काफी पुराना है, लेकिन ऐन चुनाव के मौके पर इसे वायरल किया गया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समर्थकों के साथ श्रीनगर कोतवाली पहुंचकर शिकायत की और पुलिस से इस ऑडियो की जांच की मांग की। कहा कि जिस तरह से ओडियो में चुनाव में पैसा बांटने की बात हो रही है, इससे चुनाव प्रभावित हो सकते है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्यवाही की मांग की है। इधर श्रीनगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि उक्त मामले में जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।




