अरविंद केजरीवाल का काशीपुर दौरा 14 दिसंबर को, कर सकते हैं बड़ी घोषणा
आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 14 दिसंबर को उत्तराखंड में उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर का दौरा करेंगे।
आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 14 दिसंबर को उत्तराखंड में उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर का दौरा करेंगे। आम आदमी पार्टी की मीडिया सहप्रभारी उमा सिसोदिया ने आज इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया केजरीवाल का ये एक साल में पांचवां दौरा है। ऐसे में आप कार्यकर्ताओं समेत उत्तराखंड की जनता को अरविंद केजरीवाल के इस दौरे से बड़ी उम्मीदें हैं। जहां एक तरफ वो आप कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे, वहीं उत्तराखंड की जनता को बड़ी गारंटी दे सकते हैं।उन्होंने बताया पहले अरविंद केजरीवाल का दौरा 11 दिसंबर को काशीपुर में प्रस्तावित था, लेकिन सीडीएस विपिन रावत के अचानक निधन होने से अरविंद केजरीवाल ने अपने दौरे को स्थगित कर दिया था। अब 14 दिसंबर को वो काशीपुर पहुंचेंगे। उमा सिसोदिया ने कहा हर बार की तरह इस बार भी अरविंद केजरीवाल के दौरे से उत्तराखंड की जनता को बड़ी उम्मीदें हैं। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर तीन गारंटी दे चुके हैं। इसमें 300 यूनिट बिजली फ्री गारंटी कार्ड, हर घर रोजगार तथा रोजगार न मिलने तक 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता, देवभूमि के हर जाति व धर्म के बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा गारंटी है।
उन्होंने कहा कि पांचवे दौरे में केजरीवाल काशीपुर में चौथी बड़ी घोषणा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि केजरीवाल के काशीपुर आगमन की सभी तैयारियां पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का काशीपुर में ऐतिहासिक और भव्य स्वागत होगा। इसके लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी जी जान से जुटे हुए हैं।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






