Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 12, 2026

अरविंद केजरीवाल का तंज, गाजियाबाद के कवि को नियुक्त करें पीएम, वही बताएगा कि सपने में कौन आतंकवादी दिखा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सहयोगी से आलोचक बने कवि कुमार विश्वास की टिप्पणियों का समर्थन करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कड़ा तंज कसा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सहयोगी से आलोचक बने कवि कुमार विश्वास की टिप्पणियों का समर्थन करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को गाजियाबाद के कवि को नियुक्त कर लेना चाहिए। साथ ही सारी सरकारी एजेंसियों को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वही कवि बताएगा कि उसे सपने में कौन कौन आतंकवादी नजर आए। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों के प्रचार के लिए लखनऊ पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री को उन्हें (कुमार विश्वास को) आतंकवादियों की पहचान के लिए वन-मैन फोर्स के रूप में नियुक्त करना चाहिए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कुमार विश्वास ने केजरीवाल का नाम लिए बिना उन पर पंजाब के मुख्यमंत्री या एक स्वतंत्र राष्ट्र (खालिस्तान) के प्रधानमंत्री बनने की चाह रखने का आरोप लगाया था। बीजेपी की ओर से शेयर की गई वीडियो में कुमार विश्वास को एक पुरानी चर्चा को याद करते हुए सुना जा सकता है। इसमें वह कह रहे हैं, “एक दिन, उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) मुझसे कहा कि वह या तो मुख्यमंत्री (पंजाब के) बनेंगे या एक स्वतंत्र राष्ट्र (खालिस्तान) के पहले पीएम बनेंगे)। वह किसी भी कीमत पर सत्ता चाहते हैं। उनके इस बयान ने पिछले सप्ताह एक राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया था। इस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा था। इस पर केजरीवाल ने पलटवार किया।
लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने सभी एजेंसियों से छापे मरवाए, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। मैंने पूछा तो उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के एक कवि ने सपना देखा कि केजरीवाल आतंकवादी हैं। केजरीवाल ने कहा कि मैंने पूछा कि मेरे घर पर क्या कुछ मिला तो उन्होंने बताया कि कुछ नहीं मिला। तो मैंने पूछा कि फिर छापे क्यों डलवाए। वह बोले कि गाजियाबाद में कोई कवि रहता है। उसने बताया था कि केजरीवाल आतंकवादी है। उसके सपने में आया था कि सात साल पहले मैं उस कवि से कह रहा था कि मैं भारत के दो टुकड़े कर दूंगा और एक टुकड़े का प्रधानमंत्री बन जाऊंगा।
केजरीवाल ने कहा कि मैंने कहा कि प्रधानमंत्री जी मैं कहां भारत के दो टुकड़े कर दूंगा। आपकी ईडी को नहीं पता चला। रॉ और सीबीआई को पता नहीं चला। आप ऐसा करो कि इन सारी एजेंसियों को बंद कर दो और उस कवि को ही रख लो। वही बता दिया करेगा कि सपने में क्या आ रहा है और क्या नहीं आ रहा।