भ्रष्टाचार पर बना दिया एप, एक महंगाई का एप भी बना दो सरकारः सूरत सिंह नेगी
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सूरत सिंह नेगी ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर तो एप बना दिया, लेकिन महंगाई को लेकर भी एप बनाया जाए। ताकी लोगों को बढ़ती महंगाई से राहत मिल सके।
भ्रष्टाचार पर उत्तराखंड सरकार की ओर से बनाए गए एप 1064 के बहाने कांग्रेस ने सरकार पर महंगाई को लेकर जोरदार हमला किया है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सूरत सिंह नेगी ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर तो एप बना दिया, लेकिन महंगाई को लेकर भी एप बनाया जाए। ताकी लोगों को बढ़ती महंगाई से राहत मिल सके।एक दिन पहले ही सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस एप का शुभारंभ किया था। इस पर कांग्रेस के प्रवक्ता सूरत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार का दावा है कि छोटे कर्मचारियों के भ्रष्टाचार की शिकायत इस एप के जरिये की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि क्या इस एप में वरिष्ठ नौकरशाहों, राजनेताओं, मंत्रियों और सीएम पर जो आरोप लगते हैं, उस पर भी नकेल कसी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार ने सौ दिन के भीतर लोकायुक्त लाने की घोषणा की, जो कि इसमें विफल रही। यदि सरकार वाकई भ्रष्टाचार को रोकने के लिए संकल्पित है तो उसे जल्द लोकायुक्त का गठन करना चाहिए। साथ ही बेलगाम हो रही महंगाई से निजात दिलाने के लिए भी एक एप बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है। रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम हर दिन बढ़ रहे हैं। पेट्रोल और डीजल भी महंगा होता जा रहा है। इसका असर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। बस, आटो, टैक्सी का किराया महंगा हो रहा है। देहरादून में अनार 120 से 150 रुपये प्रति किलो, सेब 100 से 130 रुपये प्रति किलो, अमरूद 100 से 120 रुपये प्रति किलो, किन्नू 80 से 100 रुपए प्रति किलो, संतरा 120 से 140 रुपये प्रति किलो, पपीता 40 से 60 रुपये प्रति किलो, अंगूर 120 से 150 रुपये प्रति किलो, केला 50 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
इसी तरह सब्जियों की कीमत में तो आग लगी हुई है। देहरादून में सबसे महंगा नींबू बिक रहा है। गर्मियों में नींबू की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में नींबू 300 से 360 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। प्याज 20 से 40 रुपये प्रति किलो, टमाटर 30 से 40 रुपये प्रति किलो, गोभी 50 से 60 रुपये प्रति किलो, बैंगन 40 से 60 रुपये प्रति किलो, लौकी 40 से 60 रुपये प्रति किलोस फ्रासबिन 100 से 120 रुपये प्रति किलो, शिमला मिर्च 80 से 100 रुपये प्रति किलो, कद्दू 30 से 50 रुपये प्रति किलो, खीरा 40 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सरकार को इस दिशा में भी ध्यान देना चाहिए।



