Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

October 29, 2026

ग्राफिक एरा में एक और बड़ा आविष्कार, सोलर एनर्जी से होगा पानी का शुद्धिकरण, केंद्र ने दिया पेटेंट

उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणीय संस्थान ग्राफिक एरा ने फिर एक नई तकनीक का आविष्कार किया है। इस बार ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के दो वैज्ञानिकों ने पानी के शुद्धिकरण की एक नई तकनीक खोज निकाली है।

दुनिया को कई बड़े आविष्कारों के उपहार देने के बाद उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणीय संस्थान ग्राफिक एरा ने फिर एक नई तकनीक का आविष्कार किया है। इस बार ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के दो वैज्ञानिकों ने पानी के शुद्धिकरण की एक नई तकनीक खोज निकाली है। यह तकनीक सोलर एनर्जी पर आधारित होने के कारण बहुत सस्ती भी है। केंद्र सरकार ने इस बड़ी खोज का पेटेंट ग्राफिक एरा के नाम दर्ज करके इस पर अपनी मुहर लगा दी है।
ग्राफिक एरा के मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के शिक्षकों अनुज रतूड़ी और डॉ देश बंधु सिंह ने इस शानदार तकनीक का आविष्कार किया है। पानी का डिस्टिलेशन करके उसे शुद्ध करने की इस तकनीक में बिजली या आग की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि सोलर एनर्जी के जरिये यह काम किया जाता है। किसी खर्चीली ऊर्जा पर आधारित न होने के कारण यह तकनीक बहुत सस्ती भी है।
इसके लिए एक विशेष उपकरण तैयार किया गया। इसमें पाइप के जरिये किसी भी तरह के पानी को डाल कर दूसरी ओर से आसवित पानी (डिस्टिल्ड वाटर) प्राप्त किया जा सकता है। आविष्कारकर्ताओं ने बताया कि डिस्टिल्ड वाटर का उपयोग दवाओं, कॉस्मेटिक्स, कैमिकल्स सॉल्वेंट, बैटरी और ऑटोमोबाइल में किया जाता है। इसे घर में भी उपयोग में लाया जा सकता है। अनुज रतूड़ी ने बताया कि इस तकनीक से वर्षा का जल संग्रहित करके उसे बहुत आसानी से और कम खर्च पर डिस्टिल्ड वाटर में बदला जा सकेगा। केंद्र सरकार के पेटेंट मंत्रालय ने तमाम परीक्षणों के बाद इस नई तकनीक का पेटेंट ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के नाम दर्ज कर दिया है। यूनिवर्सिटी को ये पेटेंट अगले 20 वर्षों के लिए दिया गया है।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने इस खोज को देश और दुनिया के लिए बहुत उपयोगी बताते हुए कहा कि दो वर्षों में ग्राफिक एरा में आधा दर्जन से अधिक नई खोजें हो चुकी हैं, जो पूरी दुनिया के लिए बहुत उपयोगी हैं। ऐसी ही टाइफाइड को डायगनोस करने संबंधी नई खोज के आधार पर तैयार किट जल्द ही बाजार में आने वाली है। इस नई खोज का लाभ भी आम आदमी तक जल्द पहुंचाने के लिए कदम उठाये जा रहे हैं। उन्होंने दोनों शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।

Bhanu Prakash

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।