दस मार्च को मतगणना को लेकर प्रशासन तैयार, बंद रहेंगी शराब की दुकानें, राजनीतिक दलों ने भी बनाई रणनीति
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर 10 मार्च को मतों की गिनती होगी। इसकी तैयारी में देहरादून जिला प्रशासन जुट गया है। वहीं, मतगणना को लेकर राजनीतिक दलों ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर 10 मार्च को मतों की गिनती होगी। इसकी तैयारी में देहरादून जिला प्रशासन जुट गया है। साथ ही इस दिन शराब की दुकानों को बंद रखने के आदेश जिलाधिकारी की ओर से दिए गए हैं। वहीं, मतगणना को लेकर राजनीतिक दलों ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं। कांग्रेस तो अपने प्रत्याशियों पर विशेष तौर पर नजर रख रही है। ताकि कहीं से खरीद फरोख्त का खेल न हो जाए।शराब की दुकानों की बंदी के आदेश
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतगणना तिथि 10 मार्च 2022 को राज्य सरकार के नियमों के अधीन ऐसे समस्त स्प्रिटयुक्त/मादक द्रव्यों के विक्रय पर रोक लगाने के आदेश जारी किए है। उन्होंने बताया कि मतगणना दिवस पर किसी होटल/भोजनालय, मधुशाला दुकान अथवा किसी अन्य सार्वजनिक या व्यक्तिगत स्थान में भी शराब आदि की बिक्री पर प्रतिबंद रहेगा। उन्होंने बताया कि मतगणना दिवस 10 मार्च 2022 को सम्पूर्ण दिवस जनपद क्षेत्रान्तर्गत शराब की दुकानें बंद रहेगी। उन्होंने समस्त जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि जनपद में आदेशों का परिपालन कराते हुए आबकारी अनुज्ञापनों को पूर्णतया बंद करवाने तथा अवैध तरीके से मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने हेतु चेकिंग/दबिश देना सुनिश्चित करें।
व्यवस्थाओं की मीडिया को दी जानकारी
देहरादून के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार आज मीडिया से रूबरू होते हुए विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतगणना की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप स्पोर्टस कालेज रायपुर में बनाए गए मतगणना स्थल पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, गाईडलाइन के अनुसार समुचित तैयारियां एवं व्यवस्थाएं बनाई गई है।
हर मतगणना टेबल पर होंगी इनकी तैनाती
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना असिस्टेंट व माइक्रो ऑबजर्वर तैनात रहेगा तथा पोस्टल बैलेट मतगणना टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, दो असिस्टेंट एक माइक्रो ऑबजर्वर तथा एक एआरओ तैनात रहेगा। इसी प्रकार ईटीपीबीएस टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर एक मतगणना असिस्टेंट तैनात रहेगा। तथा प्रत्येक कक्ष में ईटीपीबीएस के लिए एक एआरओ तैनात रहेंगे।
दो चरण के प्रशिक्षण पूर्ण
जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्मिकों के दो चरण के प्रशिक्षण हो चुके है। कल यानी बुधवार नौ मार्च को मतगणना कार्मिकों का दूसरे चरण का रेण्डमाईजेशन होगा। 10 मार्च को प्रातः 05 बजे मतगणना कार्मिकों का अन्तिम रेण्डमाईजेशन होगा। इसके अलावा आज एनकोर एवं ईटीपीबीएस का ड्राई-रन संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में पूर्ण किया गया। सुरक्षा के दृष्टिगत तीन लेयर सुरक्षा चक्र तैनात है जिसमें बाहरी एवं मध्य में स्थानी पुलिस बल तथा भीतरी चक्र में केन्द्रीय पुलिस बल के सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे।
कोविड गाइडलाइन का रखा जाएगा पूरा ध्यान
जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कोविड के मध्यनजर पूर्व में जारी गाईडलाइन वर्तमान में यथावत है। इसके अनुसार सभी उम्मीदवारों को पत्र के माध्यम से सूचित किया गया है कि मतगणना स्थल थर्मल स्कैनिंग की जाएगी साथ ही उम्मीदवारों के अभिकर्ताओं को कोविड के दोनों डोज लगे होने का प्रमाण पत्र अथवा एक डोज लगे होने की दशा में 48 घंटे पहले की आरटीपीसीआर की रिपोर्ट की अनिर्वायता होगी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर केवल ड्यूटी में लगे अधिकारी/कार्मिक, प्रत्याशियों के अभिकर्ता तथा ऐसे व्यक्तियों जिन्हें पास निर्गत किया गया है, उनको ही मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
मजिस्ट्रेटों की तैनाती
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतगणना तिथि 10 मार्च 2022 को मतगणना परिसर के बाहर एवं अन्दर शांति सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चैहान को सम्पूर्ण मतगणना परिसर के लिए तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट आकांशा वर्मा को महाराणा प्रताप स्पोर्टस कालेज रायपुर के बाहर थानो रोड़ एवं गेट नम्बर-1, 2 व 3 के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त करते हुए निर्देशित किया कि वह पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु उत्तरदायी होंगे।
मतगणना पर भाजपा बना रही मुख्यालय और जिलों में कन्ट्रोल रूम
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव मतगणना को लेकर तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए पार्टी प्रदेश मुख्यालय एवं जिलो में कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देशानुसार मतगणना को लेकर पार्टी मुख्यालय मे कंट्रोल रूम, मीडिया वार रूम एवं सभी जिलों मे भी कंट्रोल रूम बनाए हैं। साथ ही सभी जिलों मे मतगणना को लेकर किसी प्रकार की समस्याओं के निराकरण एवं समन्वय बनाने के लिए जिला समन्वयक नियुक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए सभी अभिकर्ताओं को जरुरी सुझाव दिए गये हैं।
कांग्रेस ने तोड़फोड़ की आशंका से निपटने को की तैयारी
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के एक्जिट पोल आने के बाद राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। कुछ एक्जिट पोल में बहुमत नहीं मिलते देख पार्टी ने त्रिशंकु विधानसभा या विधायकों में तोड़फोड़ के अंदेशे को देखते हुए रणनीति बदली है।
नवनिर्वाचित विधायकों को राजस्थान भेजने पर विचार
अब बैकअप प्लान तैयार कर नवनिर्वाचित विधायकों को राजस्थान भेजने पर विचार किया जा रहा है। पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सभी दिग्गज नेताओं, पदाधिकारियों व प्रत्याशियों की बैठक बुलाई है। इसी क्रम में कांग्रेस के पर्यवेक्षक दीपेंद्र हुड्डा और बीवी पाटिल देहरादून पहुंचे हैं।
पूर्व सीएम हरीश रावत जता चुके हैं चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी भाजपा के एक विधायक के कांग्रेस के संभावित विधायकों के संपर्क में होने और भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के उत्तराखंड आगमन को उन्होंने लोकतंत्र के लिए बड़ी भारी चेतावनी करार दिया। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि है कि विधायक खरीदो अभियान के एक सिद्धहस्त भाजपाई नेता का उत्तराखंड आगमन बड़ी चेतावनी है।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






