Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

September 26, 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर हो रहा शुरू, कई जिलों में रेड अलर्ट, गिरेगा तापमान, सीएम धामी ने की सतर्कता की अपील

एक बार फिर से उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के मद्देनजर आज शनिवार और कल रविवार को कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वही, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन दो दिन विशेष रूप से सतर्कता बरतने की अपील लोगों से की है। फिलहाल आज 26 सितंबर की तड़के से ही देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। देहरादून में कहीं कहीं बारिश की हल्की फुहार भी पड़ रही है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज शनिवार 26 सितंबर से 28 सितंबर तक राज्य के जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश बौछार के साथ हो सकती है। 29 सितंबर से लेकर एक अक्टूबर तक कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। अनुमान है कि 25 से 28 सितंबर तक राज्य के चार हजार मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। साथ ही तीन दिन तक देहरादून में तापमान में गिरावट भी संभव है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

तीन दिन का मौसम अलर्ट
मौसम विभाग ने बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और उधमसिंह नगर जिले के कुछ स्थानों पर आज 26 सितंबर के लिए बहुत भारी से भारी या अत्यंत भारी बारिश की संभावना का रेड अलर्ट जारी किया है। देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा जिले में कुछ स्थानों पर ओरेंज अलर्ट है। साथ ही कहीं कहीं 40 से 50 किलोमीटर या फिर बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 27 सितंबर के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी जिले के लिए रेड अलर्ट, अन्य जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट है। 28 सितंबर को राज्यभर के जिलों में येलो अलर्ट है। 26 से 28 सितंबर तक राज्यभर में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। अनुमान है कि पर्वतीय जिलों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती है। वहीं, नदी और नालों का जल प्रवाह बढ़ने और बाढ़ की स्थिति की भी संभावनाएं हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से की सतर्क रहने की अपील
उत्तराखंडं के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 26 एवं 27 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में अनावश्यक यात्रा से बचें और बहुत जरूरी होने पर ही मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें। उन्होंने पर्यटकों से भी अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं और तेज बहाव में प्रवेश करने का प्रयास न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए संवेदनशील सड़कों एवं स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को नदी-नालों एवं अन्य जोखिम वाले स्थानों के आसपास न जाने दें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से दुरुस्त रखी जाएं। राहत एवं बचाव दल, आवश्यक उपकरण, जेसीबी एवं अन्य मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने के साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।(खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित रखी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उन्होंने आमजन से अपील की कि घबराएं नहीं, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचित करें और स्वयं भी सुरक्षित रहें तथा दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

देहरादून का तापमान
शनिवार 26 सितंबर की सुबह करीब सवा छह बजे तक देहरादून का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहने की संभावना है। 27 सितंबर से लेकर तीन अक्टूबर तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 23, 24, 27, 28, 28, 29, 29 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।