Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

July 9, 2026

उत्तराखंड में पांच दिन भारी बारिश का यलो अलर्ट, गिरेगा तापमान, कम होगी गर्मी

उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, अब लगातार बारिश नहीं हो रही है और जिलों में 24 घंटे के दौरान बारिश के एक या दो दौर ही चल रहे हैं। अभी बारिश का सिलसिला आगामी एक सप्ताह और जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही धीरे धीरे तापमान में भी गिरावट आने लगेगी। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत भी मिलेगी। फिलहाल मौसम विभाग ने आज यानि कि 21 सितंबर से लेकर 25 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आज के मौसम का हाल
देहरादून सहित आसपास के इलाकों में बुधवार की सुबह से ही धूप निकल गई थी। हालांकि आसमान में बादल भी हैं। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्र के अनेक स्थानों के साथ ही मैदानी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान गर्जन, तेज बौछार और आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में संबंधित इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

आगामी मौसम का पूर्वानुमान
22 सितंबर से लेकर 25 सितंबर तक राज्य के पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश की संभावना है। हालांकि पहाड़ों में अनेक स्थानों पर और मैदानों में कहीं कहीं बारिश होगी। 22 और 23 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, जिले में कहीं कहीं, 24 और 25 सितंबर को भी पर्वतीय क्षेत्र में कहीं कहीं तेज बौछार गर्जन के साथ, आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। ऐसे में राज्य के पर्वतीय जिलों में अधिकांश स्थानों और मैदानों में कहीं कहीं 25 सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

तापमान की स्थिति
देहरादून में बुधवार की सुबह 11 बजे तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी। 22 सितंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है। 23 और 24 सितंबर को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है और यह 22 डिग्री पहुंच सकता है। 25 सितंबर को ठंडा दिन रह सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 26 से 28 सितंबर तक अधिकतम तापमान 26 डिग्री से लेकर 28 डिग्री और न्यूतनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। देहरादून में आज 21 सितंबर से लेकर 28 सितंबर तक हर दिन कहीं कहीं बारिश की संभावना है।