Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 14, 2026

उत्तराखंड मौसमः फिर बदला मौसम विभाग का पूर्वानुमान, अब लगातार पांच दिन यलो अलर्ट, 25 सितंबर से होगी सर्दी

बदलते मौसम के साथ ही मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी बदल रहा है। ये पूर्वानुमान चार से छह घंटे के अंतराल में बदल जाता है। जैसे जैसे हवा का रुख और नमी बढ़ती और घटती है, वैसे वैसे अंदाजा भी बदलता रहता है। अब मौसम विभाग ने आज यानि कि 20 सितंबर से लेकर 24 सितंबर तक राज्य के पर्वतीय जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, संभावना है कि आगामी एक सप्ताह और बारिश रह सकती है।

आज के मौसम का हाल, बार बार बदल रहा मिजाज
देहरादून में मौसम बार बार बदल रहा है। तड़के देहरादून और आसपास के इलाकों में रिमझिम बारिश हो रही थी। सुबह करीब नौ बजे मौसम बदला और आसमान में चटक धूप निकल गई। फिर करीब सवा दस बजे आसमान बादलों से घिर गया। हालांकि देहरादून में कई बार एक इलाके में बारिश होती है, तो कई जगह धूप खिली रहती है। ऐसा मानसून कमजोर पड़ने पर होता है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य के पर्वतीय इलाकों में अनेक स्थानों पर और मैदानी इलाकों में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश आज भी होती रहेगी। पर्वतीय क्षेत्र में कहीं कहीं गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने, तेज बौछार पड़ने की संभावना के मद्देनजर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

आगामी मौसम का पूर्वानुमान
21 सितंबर से लेकर 24 सितंबर तक भी मौसम इसी तरह का रह सकता है। पर्वतीय इलाकों में बारिश होती रहेगी। अन्य जिलों में भी कहीं कहीं कभी कभार हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। ऐसे में आज से ही लगातार 24 सितंबर तक पर्वतीय इलाकों में बारिश, आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन, तेज बौछार का यलो अलर्ट है। 22 सितंबर को देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है।

तापमान की स्थिति
मंगलवार 20 सितंबर की सुबह करीब पौने 11 बजे तक देहरादून का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी। 21 और 22 सितंबर को अधिकतम तापमान दो डिग्री की गिरावट आने से करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 23 और 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। वहीं, 24 सितंबर को न्यूनतम तापमान भी गिरकर 22 डिग्री पर पहुंच सकता है। 25 और 26 सितंबर को तापमान में और गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में मौसम सर्द हो जाएगा। इसके बाद 27 सितंबर को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी संभव है। देहरादून में लगातार 27 सितंबर तक कहीं कहीं बारिश हो सकती है।